यूपी फतह के लिए प्रियंका ने बनाया प्लान, जनवरी से यूपी में डालेंगी डेरा

यूपी फतह के लिए प्रियंका ने बनाया प्लान, जनवरी से यूपी में डालेंगी डेरा

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश में 2022 के विधानसभा चुनाव में अभी खासा समय बाकी है लेकिन राजनैतिक दलों ने अभी से अपनी तैयारियों को अंजाम देना शुरू कर दिया है। पिछले कई दशकों से यूपी में पिछड़ रही कांग्रेस को ज़िंदा करने के लिए प्रभारी महासचिव प्रियंका गांधी के कंधो पर बड़ी ज़िम्मेदारी है।

हालांकि कांग्रेस की स्थति में बहुत बदलाव आया है। अब उत्तर प्रदेश के कई इलाको में कांग्रेस ज़मींन पर दिखाई देने लगी है। फिलहाल पार्टी के लिए ये राहत देने वाला है कि हाल ही में हुए 7 विधानसभा सीटों के लिए उपचुनाव में दो सीटों पर कांग्रेस दूसरे नंबर पर रही।

उत्तर प्रदेश में प्रियंका गांधी को इंचार्ज बनाये जाने के बाद प्रदेश कांग्रेस कार्यालय की रौनक वापस लौट आई है। वहीँ प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू भी पार्टी में जान फूंकने के लिए कोई मौका नहीं छोड़ रहे हैं और वे जमकर पसीना बहा रहे हैं।

उत्तर प्रदेश 2022 के विधानसभा चुनावो के लिए कांग्रेस ने अभी से काम शुरू कर दिया है और अगले वर्ष जनवरी से चुनावी काम में और तेजी आ जाएगी। पार्टी सूत्रों के मुताबिक अगले वर्ष जनवरी से एक एक विधानसभा में पार्टी संगठन की समीक्षा का काम शुरू किया जाएगा। इसके लिए प्रदेश कांग्रेस के पदाधिकारियों को अहम ज़िम्मेदारियाँ दी जाएँगी।

पार्टी सूत्रों के मुताबिक उत्तर प्रदेश की प्रभारी महासचिव जनवरी से उत्तर प्रदेश में अधिक समय देंगी और वे अधिकतर समय यूपी में ही डेरा डालेंगी। सूत्रों ने कहा कि प्रियंका गांधी के यूपी में डेरा डाले जाने के लिए प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में तैयारियां शुरू हो गयी हैं।

हालांकि अभी उनके आवास को लेकर तय नहीं हो पाया है। सूत्रों ने कहा कि प्रियंका गांधी लखनऊ और इलाहाबाद में से एक जगह अपना आवास बनाएगी। यदि वे इलाहबाद में अपना आवास बनाती हैं तब भी लखनऊ में उनका अस्थाई आवास रहेगा। जिससे प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में वे नियमित रूप से मौजूद रहे सकें।

सूत्रों ने कहा कि जनवरी से प्रदेश में कांग्रेस पूरे चुनावी मोड में आ जायेगी। प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं को बड़ी ज़िम्मेदारियां सौंपी जाएंगी और विधानसभा स्तर पर बूथ पर कांग्रेस को मजबूत करने के लिए पार्टी का काम शुरू हो जायेगा। इसके अलावा फ्रंटल संगठनों की भी भूमिका सुनिश्चित की जायेगी।

सूत्रों ने कहा कि स्वयं प्रभारी महासचिव प्रियका गांधी प्रदेश के पदाधिकारियों से लगातार काम की फीडबैक लेंगी और प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं के साथ मिलकर चुनावी रणनीति को अंजाम देंगी।

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital