पुराने गढ़ो को फिर से फतह करने के लिए प्रियंका गांधी की कवायद शुरू

पुराने गढ़ो को फिर से फतह करने के लिए प्रियंका गांधी की कवायद शुरू

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश में कभी कांग्रेस के गढ़ कहे जाने वाले इलाको को फतह करने के लिए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी नए सिरे से रणनीति बना रही हैं। पार्टी सूत्रों की माने तो अमेठी, सुल्तानपुर के अलावा प्रयागराज, वाराणसी जैसे कांग्रेस के पुराने गढ़ो के लिए प्रियंका गांधी एक अलग से टीम बनाने की तैयारी कर रही हैं।

सूत्रों की माने तो करीब 80 विधानसभा सीटों के लिए खाका तैयार हो चुका है। ये सीटें कभी कांग्रेस का गढ़ कही जाती थीं। इन सीटों पर कांग्रेस को एक बार फिर से खड़ा करने का काम शुरू हो चुका है।

सूत्रों ने कहा कि इन 80 सीटों पर पार्टी अकेले दम पर जीत दर्ज करने के हिसाब से तैयारी करेगी। इन सीटों पर मतदाताओं को एक बार फिर से कांग्रेस से जोड़ने के लिए अलग से रणनीति बनाई जा रही है।

सूत्रों के मुताबिक इन सीटों पर कांग्रेस के संगठन को ब्लॉक स्तर तक एक्टिव करने के लिए जल्द ही बड़े कार्यक्रम आयोजित किये जाने की तैयारियां चल रही हैं। इतना ही नहीं इन सीटों पर पार्टी के बड़े नेताओं को ज़िम्मेदारियाँ दिए जाने का भी प्रस्ताव है।

पार्टी के कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद के लिए एक अलग से टीम गठित की जायेगी तो इन 80 सीटों पर आयोजित होने वाले पार्टी के कार्यक्रमों की तैयारी करेगी और ज़मीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं को जोड़ने के अभियान की पूरी रिपोर्ट कांग्रेस की प्रभारी महासचिव प्रियंका गांधी को देगी।

सूत्रों ने कहा कि कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने पार्टी नेताओं से कहा है कि वे विधानसभा चुनाव की तैयारी लोकसभा चुनाव की तरह करें। जिससे 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव के लिए अभी से ज़मींन तैयार की जा सके।

प्रयागराज पहुंची प्रियंका गांधी ने संगम में लगाई डुबकी, शंकराचार्य से भी मिलीं:

इससे पहले आज कांग्रेस की प्रभारी महासचिव प्रियंका गांधी ने प्रयागराज पहुंचकर संगम में स्नान किया। वे मनकामेश्वर मंदिर भी गईं। प्रियंका गांधी ने प्रयागराज में शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद सरस्वी से मुलाकात की और उनसे आशीर्वाद लिया। इस दौरान शंकराचार्य ने उन्हें प्रसाद, शॉल और ज्योर्तिमठ की एक किताब भेंट की।

आनंद भवन पहुंचकर प्रियंका गांधी वाड्रा ने अपने परदादा और देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के अस्थि कलश वाली जगह पुष्प अर्पित कर उन्हें याद किया। माना जा रहा है कि कांग्रेस के पुराने गढ़ो को एक बार फिर फतह करने की कवायद के तहत प्रियंका गांधी ने आज से अपनी रणनीति को अंजाम देना शुरू कर दिया है।

TeamDigital