हमे चुनाव जीतना है, 24 घंटे काम करने का लक्ष्य बनायें: प्रियंका गांधी

हमे चुनाव जीतना है, 24 घंटे काम करने का लक्ष्य बनायें: प्रियंका गांधी

लखनऊ ब्यूरो। अपने लखनऊ दौरे के दूसरे दिन कांग्रेस की प्रभारी महासचिव प्रियंका गांधी ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को चुनाव की तैयारियों में जुट जाने का निदेश दिया।

प्रियंका गांधी ने कहा कि आप सब जनता के मुद्दों, भावनाओं और उनके संघर्षों के साथ जुड़िए। उत्तर प्रदेश कांग्रेस संगठन में नई ऊर्जा आप लाए हैं। आप सब आज से उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव संपन्न होने तक 24 घंटे काम करने का लक्ष्य बनाए, हमें चुनाव जीतना है।

इससे पहले प्रियंका गांधी शनिवार को लखीमपुर खीरी पहुंचीं। यहां उन्होंने पसगवां गांव में ब्लॉक प्रमुख चुनाव के दौरान चीरहरण का शिकार हुई अनीता सिंह से मुलाकात की और उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि वो चुनाव आयोग को पत्र लिखेंगी और जहां-जहां हिंसा हुई है वहां के ब्लॉक प्रमुख चुनाव को रद्द करने की मांग करेंगी।

प्रियंका गांधी ने प्रदेश की योगी सरकार और बीजेपी पर हमला करते हुए कहा कि 8 जुलाई को ब्लॉक प्रमुख के नामांकन के दौरान महिला प्रत्याशी से बदसलूकी की जाती है और पुलिस खड़ी-खड़ी देखती रहती है। जिस अकेले सीओ ने पीड़ितों को बचाने की कोशिश की सरकार ने उसे ही निलंबित कर दिया। बाकी अधिकारी जो खड़े थे उनको कुछ नहीं किया।

उन्होंने बीजेपी को चुनौती देते हुए कहा कि लोकतंत्र का चीरहरण करने वाले भाजपा के गुंडे कान खोलकर सुन लें, महिलाएं प्रधान, ब्लॉक प्रमुख, विधायक, सांसद, मुख्यमंत्री, प्रधानमंत्री बनेंगी और उन पर अत्याचार करने वालों को शह देने वाली सरकार को शिकस्त देंगी। लोकतंत्र में महिलाओं को उनका अधिकार मिले।

उन्होंने कहा कि नामांकन भरने आई महिला की पिटाई करना लोकतंत्र नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि यहां का ब्लॉक प्रमुख चुनाव रद्द किया जाए। यहां दोबारा चुनाव हो।

गौरतलब है कि लखीमपुर खीरी जिले में ब्लॉक प्रमुख चुनाव के दौरान जिले के पसगवां की रहने वाली अनीता यादव के साथ अभद्रता और बदसलूकी हुई थी। सपा उम्मीदवार रितु सिंह ब्लॉक प्रमुख पद के लिए नामांकन भरने करने के दौरान रास्ते में कुछ लोगों ने उनकी महिला प्रस्तावक को जबरन रोकने के लिए महिला के साथ अभद्र व्यव्हार किया। यहाँ तक कि महिला की साड़ी खींचने की कोशिश भी की थी।

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital