असम में बोलीं प्रियंका गांधी, “ये चुनाव आपके आत्मसम्मान की बात है”

असम में बोलीं प्रियंका गांधी, “ये चुनाव आपके आत्मसम्मान की बात है”

गुवाहाटी। असम के जोरहाट में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि पिछले चुनाव में बीजेपी ने आपसे बहुत से वादा किए थे। आपसे कहा था कि 25 लाख रोज़गार मिलेंगे। क्या वो रोज़गार आपको मिले? उन्होंने कहा था CAA लागू नहीं करेंगे। लेकिन सत्ता में आते ही CAA लागू करने की बात की।

उन्होंने कहा कि जब यह(बीजेपी) आपके सामने आकर इतने बड़े-बड़े वादे करते हैं कि हम आपका भविष्य बनायेंगे, हम विकास कराएँगे तो आप इन पर भरोसा कैसे कर सकते हैं? क्योंकि आपका अनुभव रहा है, आपने देखा है कि 5 सालों में आपके लिए क्या किया गया है।

प्रियंका गांधी ने कहा कि जिस तरह से युवाओं को धोखा दिया, उसी तरह से चाय बागान के मजदूरों को धोखा दिया है। कहा था कि टी-ट्राइब्स को एक अलग दर्जा देंगे, नहीं दिया। जमीन के पट्टे देंगे, वो भी नहीं दिए।

प्रियंका ने असम के लोगों को लेकर कहा कि आपको मुफ़्त का टू-व्हीलर नहीं चाहिए, आपको चंदा नहीं चाहिए, बल्कि आप अपने आत्मसम्मान की लड़ाई लड़ रहे हैं। ये चुनाव आपके आत्मसम्मान की बात है। जो भी नेता आपके सामने आए तो आपको – नौकरी मांगनी चाहिए, रोजगार मांगना चाहिए, अपना विकास और अपना भविष्य मांगना चाहिए।

वहीँ भारतीय जनता पार्टी पर हमला बोलते हुए प्रियंका ने कहा कि भाजपा की जितनी भी नीतियां हैं वह असम के लिए नहीं हैं, बल्कि केंद्र के लिए हैं, दिल्ली को मजबूत बनाने के लिए हैं और अपने उद्योगपति मित्रों को मजबूत बनाने के लिए हैं। यहां की महान विभूति लोकप्रिय गोपीनाथ बोरदोलोई जी के नाम पर सरकारी पैसों से बनाया गया एयरपोर्ट आज इनके उद्योगपति मित्रों को दिया जा रहा है।

प्रियंका गांधी यहाँ भी यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ पर हमला करने से नहीं चूकी, उन्होंने कहा कि जब उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री यहां आए तो उन्होंने महापुरुष श्रीमंत शंकरदेव जी के बारे में गलत तरह से जिक्र किया। उनका इतना भी आदर नहीं किया कि वो जाने कि श्रीमंत शंकरदेव जी ने अपने जीवन में असम के लिए क्या किया।

उन्होंने असं के पूर्व मुख्यमंत्री और दिवंगत कांग्रेस नेता का नाम लेकर कहा कि हमारे सबसे बड़े नेता तरुण गोगोई जी, जो असम के लिए समर्पित रहे। उनका अपमान करते वक्त प्रधानमंत्री जी ने एक बार भी नहीं सोचा। तरुण गोगोई जी कांग्रेस के नेता थे। उनके कण-कण में कांग्रेस थी और उनकी रगों में असमिया संस्कृति, असमिया गर्व दौड़ता था।

वहीँ बीजेपी के चुनावी वादों पर निशाना साधते हुए प्रियंका ने कहा कि भाजपा ने पिछले चुनाव में आपसे तमाम वादे किये, लेकिन क्या वह वादे पूरे हुए? आपको कहा कि 25 लाख रोजगार मिलेंगें, क्या वो रोगजार मिले? नहीं ! आपको कहा कि असम एकॉर्ड का खंड 6, जिसमें आपकी संस्कृति सुरक्षित रहती है, उसे लागू करेंगे। क्या उसे लागू किया गया? नहीं !

प्रियंका गांधी ने कहा कि उन्होंने आपसे कहा था कि CAA लागू नहीं करेंगे, लेकिन सत्ता में आते ही CAA लागू करने की बात की। चाय के बागानों में जिन महिलाओं से मैं मिली उन्होंने कहा कि ना तो चिकित्सा की कोई सुविधा है, ना टॉयलेट की, ना उनकी दिहाड़ी बढ़ाई गई है।

प्रियंका गांधी ने कांग्रेस के घोषणा पत्र का हवाला देते हुए कहा कि कांग्रेस ने जो 5 गारंटी आपके लिए तय की हैं यह खोखले वादे नहीं हैं, यह झूठ नहीं हैं बल्कि यह 5 गारंटी कह रही हैं कि जब कांग्रेस की सरकार आएगी तो हम यह काम आपके लिए करेंगे।

कांग्रेस के घोषणा पत्र में गृहणियों को प्रतिमाह दो हज़ार रुपये दिए जाने के कांग्रेस के वादे का उल्लेख करते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि जो महिलाएं चाय के बागानों में काम करती हैं, दिन भर मजदूरी करती हैं, घर-गृहस्थी संभालती हैं, बाहर जाकर प्रोफेशनल काम करती हैं। वही महिलाएं असम की मां हैं, असम की बेटियां हैं। वहीं असमिया संस्कृति की रखवाली करने वाली हैं। समाज का सबसे बड़ा बोझ आप उठाती हैं। एक महिला, जो बड़े से बड़े परिवार की हो, गरीब हो, मजदूर हो, या खुद एक उद्योगपति हो। आपने हमेशा समाज का बोझ उठाया है।

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital