हिमाचल: प्रियंका ने बताया ‘कांग्रेस की सरकार बनी तो पहली केबिनेट मीटिंग में होंगे ये बड़े फैसले’

हिमाचल: प्रियंका ने बताया ‘कांग्रेस की सरकार बनी तो पहली केबिनेट मीटिंग में होंगे ये बड़े फैसले’

सोलन। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने आज हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में अपनी पहली रैली के आयोजन के साथ ही हिमाचल प्रदेश के विधानसभा चुनाव के लिए बिगुल फूंक दिया है।

प्रियंका गांधी ने कहा, हिमाचल प्रदेश में जब कांग्रेस की सरकार बनेगी तब पहले मंत्रिमंडल की बैठक में 2 निर्णय होंगे। पहला, 1 लाख सरकारी पद जो खाली हैं वो भरे जाएंगे। कुल 5 लाख रोजगार मिलेगा जिसमें 1 लाख रोजगार पहले मंत्रिमंडल की बैठक में तय किए जाएंगे। दूसरा, पुरानी पेंशन योजना पर भी उसी मंत्रीमंडल की बैठक में फैसला होगा। प्रदेश के 2 लाख कर्मचारियों को उनका हक मिलेगा।

इस रैली में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के अलावा कांग्रेस नेता राजीव शुक्ला भी मौजूद थे। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि हिमाचल में अगर कांग्रेस ने कहा है कि 10 दिन में पुरानी पेंशन योजना लागू होगी मतलब होगी। भाजपा आपके जेब से पैसा निकालने का काम करती है जबकि कांग्रेस महिलाओं, गरीबों, किसानों की जेब में पैसा डालने का काम करती हैे।

कल 10 जनपथ पर तय होंगे उम्मीदवारों के नाम:

इस बीच खबर है कि हिमाचल विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों के नामों पर पार्टी के नेता कल मंथन करेंगे। न्यूज़ एजेंसी एएनआई के मुताबिक हिमाचल विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों के नामों को अंतिम रूप देने के लिए कांग्रेस केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक कल दिल्ली के 10 जनपथ पर होगी।

हर 5 साल में बदल जाती है सत्ता:

गौरतलब है कि चुनाव आयोग ने आज ही हिमाचल प्रदेश के विधानसभा चुनाव के लिए मतदान की तारीख का एलान किया है। हिमाचल प्रदेश में एक चरण में 12 नवंबर को चुनाव होगा। वहीँ 8 दिसंबर को वोटों की गिनती होगी।

हिमाचल प्रदेश एक ऐसा राज्य हैं जहां हर पांच साल में सत्ता परिवर्तन हो जाता है। वर्ष 1985 से अब तक किसी भी पार्टी की सरकार लगातार दोबार नहीं बनी है। ऐसे में चुनाव विशेषज्ञ पहले से ही यह मानकर बैठे हैं कि इस बार चुनावो में बयार कांग्रेस की तरफ बहेगी और भाजपा सत्ता से बाहर हो जाएगी।

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital