ट्रेक्टर परेड में मृत किसान के परिजनों से मिलीं प्रियंका गांधी
रामपुर। 26 जनवरी को किसान ट्रेक्टर परेड के दौरान ट्रेक्टर पलटने के हादसे में मारे गए किसान नवरीत के परिजनों से मिलने आज कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी रामपुर पहुंची। उन्होंने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें हौसला दिया।
रामपुर के ग्राम डिबडिबा में आज नवरीत के लिए अंतिम अरदास कार्यक्रम आयोजित किया गया था। प्रियंका गांधी रामपुर के रास्ते होती हुई डिबडिबा गाँव पहुंची। उनके साथ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू सहित कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता भी मौजूद थे।
प्रियंका गांधी ने नवरीत के परिवार को सांत्वना देते हुए कहा कि नवरीत का बलिदान व्यर्थं नहीं जाने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि हम सभी तीनो काले कानूनों के खिलाफ लड़ाई लड़ रहे हैं। प्रियंका ने कहा कि सरकार को झुकना पड़ेगा और तीनो क्रषि कानून वापस लेने होंगे।
इससे पहले रामपुर जा रही प्रियंका गांधी के काफिले की कारें हापुड़ के निकट आपस में भीड़ गईं। हालांकि इस हादसे में प्रियंका गांधी की कार को कोई नुकसान नहीं पहुंचा। कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक आपस में टकराने वाली कारें कांग्रेस कार्यकर्ताओं की थीं। इस दौरान नेशनल हाईवे पर लंबा जाम लग गया।
रामपुर पहुँचने पर प्रियंका गांधी का पूर्व सांसद बेगम नूरबानो और पूर्व मंत्री नवाब काजिम अली ने स्वागत किया और वे भी अपने काफिले के साथ प्रियंका गांधी के काफिले में शामिल हो गए।
गौरतलब है कि 26 जनवरी को किसान ट्रेक्टर परेड के दौरान नवरीत सिंह का ट्रेक्टर पलटने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। किसान संगठनों का आरोप है कि नवरीत की मौत पुलिस के गोली चलाने के कारण हुई। हालांकि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में गोली लगने का खुलासा नहीं हुआ। पुलिस के मुताबिक नवरीत की मौत तेज गति से चल रहे ट्रेक्टर के बेकाबू होने पर पलटने से हुई।
