प्रियंका गांधी को 1 अगस्त तक लोधी एस्टेट का घर खाली करने का नोटिस

प्रियंका गांधी को 1 अगस्त तक लोधी एस्टेट का घर खाली करने का नोटिस

नई दिल्ली। कांग्रेस महासचिव और उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी को 1 अगस्त तक लोधी एस्टेट का अपना घर खाली करने के लिए केंद्र सरकार की तरफ से नोटिस जारी किया गया है।

केंद्र सरकार के आवास और शहरी विकास मंत्रालय की तरफ से भेजे गए नोटिस में कहा गया है कि गृह मंत्रालय की तरफ से प्रियंका गांधी की एसपीजी सुरक्षा व्यवस्था हटा ली गई है और जेड प्लस सुरक्षा व्यवस्था दी गई है। अतः इस व्यवस्था के मुताबिक जिसे ये सुरक्षा दी जाती है उसे सरकारी बंगला प्रदान करने का नियम नहीं है. ऐसे में प्रियंका गांधी को बंगला खाली करना होगा।

गौरतलब है कि नवंबर 2019 में केंद्र सरकार ने सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की एसपीजी सुरक्षा हटाने का फैसला किया था। गांधी परिवार को अभी भी जेड प्‍लस केटेगरी सुरक्षा दी जा रही है।

प्रियंका गांधी को अपना सरकारी आवास खाली करने के लिए शहरी विकास मंत्रालय द्वारा भेजे गए नोटिस पर कांग्रेस नेताओं ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। कांग्रेस नेता राजीव शुक्ला ने न्यूज़ एजेंसी एएनआई से बातचीत में कहा कि यह एक उचित कदम नहीं है क्योंकि गांधी परिवार को सुरक्षा कारणों से घर दिया गया था। इंदिरा गांधी और राजीव गांधी की हत्या कर दी गई और परिवार पर हमेशा खतरा बना रहता है।

वहीँ अखिल भारतीय महिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष सुष्मिता देव ने कहा कि ‘अब क्यों नियम का पालन किया जा रहा है? प्रियंका गांधी की एसपीजी सुरक्षा व्यवस्था तो 6 महीने पहले ही हटा ली गई थी। जब एसपीजी व्यवस्था हटाई गई थी तब भी प्रियंका से बंगला खाली करने की बात कही गई थी। तब उन्होंने एक्सटेंशन मांगा था जो अगस्त महीने तक चलने वाला है लेकिन हमारी असली चिंता प्रियंका की सुरक्षा को लेकर है। सरकार को उनकी सुरक्षा व्यवस्था के साथ खिलवाड़ नहीं करना चाहिए।

वहीँ कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी ने कहा कि सरकार की जनविरोधी नीतियों पर हमारी नेता कांग्रेस महासचिव व उ०प्र० प्रभारी प्रियंका जी सवाल उठाती है तो भाजपा को रास नही आता है। प्रियंका गांधी जी का बंगला द्वेष भावना से प्रेरित होकर खाली कराया जा रहा है लेकिन भाजपा जान ले प्रियंका में इंदिरा जी के सभी गुण विद्यमान हैं।

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital