सरकार किसानो की बात सुने और कृषि कानूनों को वापस ले: प्रियंका गांधी

नई दिल्ली। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने सरकार से अपील की है कि वह किसानो की बात सुने और कृषि कानूनों को वापस ले ले। कांग्रेस के 136वे स्थापना दिवस के अवसर पर कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित ध्वजारोहण कार्यक्रम में शामिल हुईं प्रियंका गांधी ने मीडिया से बातचीत में किसान आंदोलन का मुद्दा उठाया।
प्रियंका गांधी ने कहा कि “सरकार को किसानों की आवाज़ सुननी चाहिए। ये कहना कि ये राजनीतिक साजिश है ये एकदम गलत है। जिस तरह के लफ़्ज ये किसानों के लिए इस्तेमाल कर रहे हैं ये पाप है। किसानों से बात करनी चाहिए और कानून वापस लेने चाहिए।”
इससे पहले आज कांग्रेस के 136वे स्थापना दिवस के अवसर पर दिल्ली के 24 अकबर रोड पर स्थित कांग्रेस मुख्यालय पर ध्वजारोहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पार्टी के वरिष्ठ नेता एके एंटनी ने कांग्रेस मुख्यालय में ध्वजारोहण किया।
इस अवसर पर कांग्रेस के तमाम पदाधिकारी और वरिष्ठ नेता मौजूद थे। पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी कल विदेश यात्रा पर चले गए थे। इस कारण वे आज पार्टी के स्थापना दिवस कार्यक्रम में मौजूद नहीं थे।
इस कार्यक्रम में पार्टी की महासचिव प्रियंका गांधी, वरिष्ठ कांग्रेस नेता गुलामनबी आज़ाद, रणदीप सिंह सुरजेवाला, राजीव शुक्ला, दिग्विजय सिंह, जयराम रमेश सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।