सुशांत सिंह राजपूत सुसाइड मामले में मीडिया ट्रायल पर प्रेस काउंसिल ने जताई आपत्ति

सुशांत सिंह राजपूत सुसाइड मामले में मीडिया ट्रायल पर प्रेस काउंसिल ने जताई आपत्ति

नई दिल्ली। बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत सुसाइड केस में मीडिया कवरेज को लेकर भारतीय प्रेस परिषद (प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया) ने सवाल उठाये हैं। इस केस में कुछ चैनलों द्वारा किये जा रहे मीडिया ट्रायल पर भी परिषद ने आपत्ति जताई है।

शुक्रवार को भारतीय प्रेस परिषद ने कहा कि मीडिया को ऐसे मामलों की कवरेज में पत्रकारिता आचरण के नियमों का पालन करना चाहिए और खुद का ‘समानांतर मुकदमा’ नहीं चलाना चाहिए।

प्रेस काउंसिल ने एक एडवायजरी में कहा कि मीडिया को इस तरह से खबरों को नहीं दिखाना चाहिए जिससे आम जनता आरोपित व्यक्ति की मामले में संलिप्तता पर विश्वास करने लग जाए।

इतना ही नहीं परिषद ने कहा कि उसने अफसोस के साथ इस बात को संज्ञान में लिया है कि किसी फिल्म एक्टर की कथित खुदकुशी के मामले की कवरेज कई मीडिया संस्थानों द्वारा पत्रकारिता आचरण के नियमों का उल्लंघन है और इसलिए मीडिया संस्थानों को पीसीआई द्वारा तय नियमों का पालन करने की सलाह दी जाती है।

पीसीआई ने कहा, ‘मीडिया को सलाह दी जाती है कि पीड़ित, गवाहों, संदिग्धों और आरोपियों को अत्यधिक प्रचार देने से बचा जाए क्योंकि ऐसा करना उनकी निजता के अधिकार में अतिक्रमण होगा।’

पीसीआई ने यह भी कहा कि किसी मामले में जांच के बारे सुनी सुनाई बातो के आधार पर ख़बरें बनाकर प्रसारित करना सही नहीं है। इस प्रकार की रिपोर्टिेंग से निष्पक्ष जांच एवं मुकदमे पर अकारण दबाव पड़ता है।

TeamDigital