उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ का इस्तीफा राष्ट्रपति ने स्वीकार किया
नई दिल्ली। उपरष्ट्रपति जगदीप धनखड़ का इस्तीफा राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू ने स्वीकार कर लिया है। बता दें कि कल जगदीप धनखड़ ने स्वास्थ्य को वजह बताते हुए उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा दे दिया था। अचानक आये इस इस्तीफे को लेकर कांग्रेस ने सवाल उठाये हैं।
वहीँ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उप राष्ट्रपति पद से जगदीप धनखड़ के इस्तीफे के बाद मंगलवार को कहा कि उन्हें कई भूमिकाओं में देश की सेवा का मौका मिला है और वह उनके उत्तम स्वास्थ्य की कामना करते हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘श्री जगदीप धनखड़ जी को भारत के उपराष्ट्रपति सहित कई भूमिकाओं में देश की सेवा करने का अवसर मिला है। मैं उनके उत्तम स्वास्थ्य की कामना करता हूं।’’
दूसरी तरफ जगदीप धनखड़ के इस्तीफे को लेकर कांग्रेस ने सवाल उठाये हैं। कांग्रेस ने मंगलवार को कहा कि सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि उपराष्ट्रपति पद से जगदीप धनखड़ ने इस्तीफा क्यों दिया।
मुख्य विपक्षी दल ने यह भी कहा कि धनखड़ के इस्तीफा देने के पीछे उनके द्वारा बताए गए स्वास्थ्य कारणों के अलावा कोई और अधिक गहरे कारण हैं। धनखड़ ने सोमवार देर शाम स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए अपने पद से इस्तीफा दे दिया था।
कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने संसद परिसर में संवाददाताओं से कहा, ‘‘सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि उप राष्ट्रपति ने इस्तीफा क्यों दिया।’’
उनका कहना था, ‘‘मैंने उपराष्ट्रपति का त्यागपत्र देखा है। उन्होंने सरकार का आभार जताया है। लेकिन सरकार ने कोई टिप्पणी नहीं की। सरकार को कम से कम उनका धन्यवाद करना चाहिए था। वह इसके हकदार हैं।’’
