प्रयागराज : प्रसिद्ध कहानीकार शेखर जोशी का निधन

प्रयागराज : प्रसिद्ध कहानीकार शेखर जोशी का निधन

प्रयागराज : हिंदी के प्रसिद्ध कहानीकार शेखर जोशी का मंगलवार को गाजियाबाद के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। वह 90 वर्ष के थे।

उनके पुत्र प्रतुल जोशी ने बताया कि जोशी का आज अपराह्न 3:20 बजे गाजियाबाद के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। पिछले 10 दिनों से उनकी आंत का इलाज चल रहा था।

जोशी के परिवार में दो पुत्र और एक पुत्री हैं।

उन्होंने बताया कि 10 सितंबर, 1932 को उत्तराखंड के अल्मोड़ा में जन्मे शेखर जोशी ने गत 10 सितंबर को नोएडा में अपना 90वां जन्मदिन मनाया था।

नयी कहानी धारा में शेखर जोशी को एक प्रमुख रचनाकार माना जाता है। ‘‘कोसी के घटवार’’ उनकी काफी लोकप्रिय कहानी है।

प्रयागराज के कवि संतोष चतुर्वेदी ने बताया कि शेखर जोशी नई कहानी आंदोलन के कथाकार थे और वे नए लेखकों को काफी प्रोत्साहित करते थे। इलाहाबाद (अब प्रयागराज) में वह 50 वर्ष से अधिक समय तक रहे और अपनी लगभग सभी रचनाएं उन्होंने यहीं लिखीं।

चतुर्वेदी ने बताया कि बताया कि शेखर जोशी की प्रमुख कृतियों में कोसी का घटवार, बदबू और मेंटल शामिल हैं। हाल ही में उन्होंने पार्वती नाम से एक कविता संकलन भी पेश किया था। जोशी को इफको की ओर से कला साहित्य सम्मान और देहरादून में विद्या सागर नौटियाल सम्मान से सम्मानित किया गया था।

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital