उपचुनाव: कांग्रेस के प्रस्ताव पर पीके का जबाव: टुकड़ो में काम करना संभव नहीं !

भोपाल ब्यूरो। मध्य प्रदेश में 24 विधानसभा सीटों के लिए उपचुनाव में कांग्रेस के लिए काम करने के प्रस्ताव पर चुनाव विशेषज्ञ प्रशांत किशोर ने असहमति जताई है। इससे पहले कल पूर्व मंत्री और कांग्रेस विधायक पीसी शर्मा ने कहा था कि उपचुनाव में प्रशांत किशोर की स्वयं ली जाएंगी और उनसे बात चल रही है।
एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक प्रशांत किशोर ने कांग्रेस के प्रस्ताव पर कहा कि उन्होंने पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टेन अमरिंदर सिंह और मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम कमलनाथ के कहने पर पंजाब और मध्य प्रदेश के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के लिए काम किया था लेकिन उपचुनाव में काम कर पाना संभव नहीं है।
रिपोर्ट के मुताबिक प्रशांत किशोर ने कहा कि वह टुकड़ो टुकड़ो में काम नहीं कर सकते। यदि यह उपचुनाव नहीं होते तो वे निश्चित तौर पर कांग्रेस के प्रस्ताव को स्वीकार करते।
हालाँकि प्रशांत किशोर ने कांग्रेस का प्रस्ताव पूरी तरह से नहीं ठुकराया है। वे उपचुनाव में कांग्रेस के लिए रणनीति बनाने का काम करने के बारे में विचार कर रहे हैं। वहीँ कांग्रेस सूत्रों की माने तो प्रशांत किशोर ने कांग्रेस के बूथ मैनेजमेंट के काम के प्रस्ताव पर असहमति जताई है।
पार्टी सूत्रों ने कहा कि प्रशांत किशोर सिर्फ विधानसभा स्तर पर पार्टी के लिए रणनीति तैयार करने का काम कर सकते हैं। सूत्रों ने कहा कि प्रशांत किशोर से बातचीत अभी अंतिम दौर में है और इस बारे में जल्द नतीजा सामने आ जायेगा।
इससे पहले कल पूर्व मंत्री और कांग्रेस विधायक पीसी शर्मा ने दावा किया था कि मध्य प्रदेश में होने वाले 24 सीटों के उपचुनाव में कांग्रेस चुनाव विशेषज्ञ प्रशांत किशोर की सेवाएं लेगी। पीसी शर्मा ने कहा था कि इस बारे में प्रशांत किशोर से बातचीत चल रही है।