प्रशांत किशोर की चुनौती: बंगाल में दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू पायेगी बीजेपी
नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में रणनीतिकार के तौर पर सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस का काम देख रहे प्रशांत किशोर ने दावा किया है कि विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू पाएगी।
इतना ही नहीं प्रशांत किशोर ने यह भी दावा किया है कि यदि भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) इससे अच्छा प्रदर्शन करती है तो वह ये काम करना छोड़ देंगे। प्रशांत किशोर ने ट्वीट कर कहा कि ‘मीडिया का एक वर्ग भाजपा के समर्थन में माहौल बनाने की कोशिश कर रहा है, वास्तव में भाजपा पश्चिम बंगाल में डबल डिजिट (दहाई आंकड़ा) के लिए भी संघर्ष करेगी। कृपया इस ट्वीट को सेव करके रखें और यदि भाजपा इससे बेहतर प्रदर्शन करती है तो मैं ये काम करना छोड़ दुंगा।’
वहीँ प्रशांत किशोर के दावों पर भारतीय जनता पार्टी के महासचिव और पश्चिम बंगाल के प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि चुनाव के बाद देश को अपना एक चुनावी रणनीतिकार खोना पड़ेगा।
कैलाश विजयवर्गीय ने प्रशांत किशोर के ट्वीट पर पलटवार में लिखा, ‘भाजपा की बंगाल में जो सुनामी चल रही हैं, सरकार बनने के बाद इस देश को एक चुनाव रणनीतिकार खोना पड़ेगा।’
गौरतलब है कि गृहमंत्री अमित शाह ने पश्चिम बंगाल के अपने दो दिवसीय दौरे के दौरान दावा किया था कि राज्य में भारतीय जनता पार्टी दो सौ सीटें जीतकर सरकार बनाएगी। शाह ने अपने दो दिवसीय कार्यक्रम के दौरान जनसभा और रोड शो भी किया।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में बीजेपी के प्रदर्शन को लेकर प्रशांत किशोर का यह बयान उस समय आया है जब राज्य में बीजेपी ने तृणमूल कांग्रेस में सेंधमारी शुरू कर दी है। तृणमूल कांग्रेस के कई नेताओं ने बीजेपी का दामन थाम लिया है। इसे देखते हुए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने हाल ही में प्रशांत किशोर से पार्टी नेताओं का पलायन रोकने के लिए कहा था।
माना जा रहा है कि प्रशांत किशोर का बयान तृणमूल कांग्रेस के उन नेताओं को भी जबाव है, जो कहीं न कहीं बीजेपी के संपर्क में आ चुके हैं और दलबदल का मौका ढूंढ़ रहे हैं।
