रिहाना ने किया किसान आंदोलन का समर्थन, ट्विटर पर छिड़ी बहस
नई दिल्ली (इंटरनेशनल डेस्क)। अंतरराष्ट्रीय पॉप स्टार रिहाना ने मंगलवार को किसान आंदोलन को अपना समर्थन व्यक्त करते हुए प्रदर्शन स्थल पर इंटरनेट बंद करने की आलोचना की। रिहाना ने अपने ट्वीट से किसान आंदोलन को दुनिया के कई देशो में चर्चा का विषय बना दिया है।
रिहाना (32) विश्व स्तर की पहली स्टार हैं जिन्होंने किसान आंदोलन को समर्थन दिया है। उन्होंने सीएनएन के एक लेख के साथ ट्वीट किया, ‘‘हम इसके बारे में बात क्यों नहीं कर रहे हैं? हैशटैग किसान आंदोलन।’’
रिहाना के ट्विटर पर दस करोड़ फॉलोवर हैं और उनके इस ट्वीट को एक घंटे में हजारों लोगों ने रीट्वीट किया। उनके ट्वीट के बाद भारत में ट्विटर यूजर्स के बीच बहस छिड़ गई है। जहां एक तरफ कई नामी हस्तियों, बुद्धजीवियों और पत्रकारों ने रिहाना के ट्वीट के लिए उनकी प्रशंशा की है वहीँ दूसरी तरफ अभिनेत्री कंगना रनौत सहित कई ट्विटर यूजर्स को रिहाना का ट्वीट हजम नहीं हुआ और वे इसके लिए रिहाना की आलोचना कर रहे हैं।
फिल्म अभिनेत्री स्वरा भास्कर, वरिष्ठ पत्रकार साक्षी जोशी, रोहिणी सिंह, अजीत अंजुम, सबा नकवी सहित कई लोगों ने रिहाना के ट्वीट को रीट्वीट कर समर्थन किया है।
गौरतलब है कि कृषि कानूनों के खिलाफ पिछले 67 दिनों से चल रहे किसान आंदोलन के बीच दिल्ली के सिंघु बॉर्डर, टिकरी बॉर्डर और गाज़ीपुर के आसपास के इलाको में इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई हैं। इतना ही नहीं किसान आंदोलन में शामिल किसानो का कहना है कि उनके लिए पीने का पानी और बिजली की आपूर्ति भी बंद की गई है। गाज़ीपुर पर पुलिस ने कई लेयर वाली बेरिकेटिंग लगा दी है। इससे किसानो को परेशानियाँ झेलनी पड़ रही हैं
अंतर्राष्ट्रीय पॉप सिंगर रिहाना ने अपने ट्वीट से इन्ही मुद्दों की तरफ लोगों का ध्यान आकर्षित करने की कोशिश की है। उन्होंने भारत में चल रहे किसान आंदोलन को अपना समर्थन जताया है।