बिहार में पहले चरण के चुनाव के लिए मतदान जारी

बिहार में पहले चरण के चुनाव के लिए मतदान जारी

नई दिल्ली/पटना। बिहार में पहले चरण के चुनाव के लिए 16 जिलों की 71 सीटों पर मतदान का काम जारी है। फ़िलहाल मतदान की गति धीमी है और सुबह 10 बजे तक 7.35% मतदान हुआ। माना जा रहा है कि जैसे जैसे समय निकलेगा मतदान की गति में तेजी आएगी।

पहले चरण के लिए 71 सीटों सुबह 7 बजे से मतदान का काम शुरू हो गया, जो शाम 6 बजे तक चलेगा। हालांकि, 4 सीटों पर दोपहर 3 बजे तक, 26 सीटों पर शाम 4 बजे तक और 5 सीटों पर शाम 5 बजे तक वोटिंग होगी।

आज हो रहे 16 जिलों की 71 सीटों पर कुल 1066 उम्मीदवार मैदान में हैं। सर्वाधिक 27 उम्मीदवार गया शहर विधानसभा सीट पर हैं, वहीँ सबसे कम 5 उम्मीदवार बांका जिले की कटोरिया सीट पर हैं।

पहले चरण के चुनाव को लेकर कई राजनैतिक दलों के नेताओं ने मतदाताओं को शुभकामनाएं देते हुए मतदान में भाग लेने की अपील की है, साथ ही अलग अलग दावे भी किये हैं।

पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा, “इस बार न्याय, रोज़गार, किसान-मज़दूर के लिए आपका वोट हो सिर्फ़ महागठबंधन के लिए। बिहार के पहले चरण के मतदान की आप सभी को शुभकामनाएँ।”

तेजस्वी यादव ने ट्वीट कर कहा, “आज प्रथम चरण के मतदान के दिन बिहारवासियों के बेहतर भविष्य, शिक्षा, स्वास्थ्य, नौकरी, विकास और नए दौर में नए बिहार के निर्माण के लिए अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करे और महागठबंधन के साथ बदलाव के सहभागी बने। जय हिंद। जय बिहार।”

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ट्वीट कर कहा, “लोकतंत्र में मतदान सिर्फ अधिकार नहीं, जिम्मेदारी भी है। बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण में आज 71 सीटों पर मतदान है। यदि आप इन क्षेत्रों के मतदाता हैं तो कृपया वोट के लिए समय जरूर निकालिए। आपका एक वोट बिहार में विकास की रफ्तार को जारी रखते हुए इसे एक विकसित प्रदेश बना सकता है।”

बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी.नड्डा ने ट्वीट कर कहा, “बिहार विधानसभा चुनावों के लिए आज पहले चरण का मतदान हो रहा है। आप का मत ही लोकतंत्र में आपकी सबसे सबसे बड़ी ताकत है। मेरा सभी मतदाताओं से अनुरोध है कि कोविड सम्बन्धी सावधानियों का ध्यान रखते हुए लोकतंत्र के इस महापर्व में जरूर हिस्सा लें।”

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital