विधानसभा घेरने निकले राजद कार्यकर्ताओं पर पुलिस लाठीचार्ज, कई घायल

विधानसभा घेरने निकले राजद कार्यकर्ताओं पर पुलिस लाठीचार्ज, कई घायल

पटना। बेरोज़गारी, शिक्षा, स्वास्थ्य और कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर आज राष्ट्रीय जनता दल के विधानसभा मार्च के दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को काबू में करने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया और लाठीचार्ज किया। इसमें राष्ट्रीय जनता दल के कई कार्यकर्ताओं के चोटें आई हैं।

राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव और तेज प्रताप के नेतृत्व में बड़ी तादाद में राजद कार्यकर्त्ता सड़क पर उतरे। इस दौरान पटना के डाक बंगला चौराहे पर राजद कार्यकर्ता और पुलिस प्रशासन आमने सामने आ गए।

प्रशासन ने राजद कार्यकर्ताओं को बेरिकेटिंग लगाकर रोकने की कोशिश की। काफी देर तक पुलिस और राजद कार्यकर्ताओं के बीच संघर्ष चलता रहा। इस दौरान पुलिस ने तेजस्वी और तेजप्रताप यादव हिरासत में ले लिया।

राजद कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने से रोकने के लिए पुलिस ने पहले वाटर कैनन का इस्तेमाल किया लेकिन राजद कार्यकर्त्ता डंटे रहे और बाद में पुलिस ने लाठीचार्ज किया। पुलिस ने राष्ट्रीय जनता दल के भी कई कार्यकर्ताओं को अपनी हिरासत में ले लिया है और उन्हें गांधी मैदान ले जाया गया है।

नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा कि विधानसभा मार्च के दौरान हमने सरकार को आईना दिखाने का काम किया। चुनाव के दौरान अपने मेनिफेस्टो में सरकार ने कई वादे किए थे। 19 लाख युवाओं को रोजगार दिलाने का वादा किया था, लेकिन कई महीने बीत गए, रोजगार का कहीं अता-पता नहीं है। सरकार हमें नहीं रोक सकती। बिहार की जनता सारा खेल देऱ रही है।

तेजस्वी यादव ने ट्वीट कर कहा, “नीतीश कुमार समाजवाद के नाम पर कलंक है। धब्बा है। लोहिया जयंती के दिन सड़क पर हमारे साथ नौकरी माँग रहे बेरोजगारों पर लाठीचार्ज और पत्थरबाज़ी करवाते है। और उसी दिन सदन में काला पुलिसया क़ानून लेकर आते है। हम इनकी गुंडागर्दी नहीं चलने देंगे। चलाओ गोली मर्द हो तो..”

राजद विधायक जितेंद्र राय ने ट्वीट कर कहा, “हमारे लोकतंत्र में विरोध प्रदर्शन पर लाठीचार्ज की परंपरा नहीं थी। यह अनुकम्पाइयों ने शुरू किया है। जो धोखे से सत्ता हथियाते हैं वो अक्सर जनांदोलन से डरते हैं. इस बर्बर लाठीचार्ज के पीछे नीतीश जी की मानसिकता साफ नजर आती है।”

इससे पहले आज RJD ने बिहार विधानसभा के बाहर बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस विधेयक 2021 के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। RJD विधायक मुकेश रोशन ने बताया, “राज्य सरकार द्वारा ये जो कानून लाया जा रहा है वो बहुत ही गलत है। अगर ये पारित हो गया तो बिहार के लिए आज काला दिन साबित होगा।”

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital