बागियों से मिलने बेगंलुरु पहुंचे दिग्विजय, पुलिस ने हिरासत में लिया, भूख हड़ताल पर बैठे
बेंगलुरु। बेंगलुरु के एक होटल में ठहरे मध्य प्रदेश के बागी विधायकों से मिलने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह आज सुबह बेंगलुरु पहुंचे। दिग्विजय सिंह के साथ मध्यप्रदेश कांग्रेस नेता सज्जन सिंह वर्मा और कांतिलाल भूरिया भी मौजूद हैं।
दिग्विजय सिंह को बागी विधायकों से मिलने से रोका गया। पुलिस द्वारा दिग्विजय सिंह को बागी विधायकों से मिलने से रोके जाने पर उन्होंने कहा कि ‘मैंने कहा मैं गांधीवादी आदमी हूं मेरे पास न बम है, न पिस्तौल है, न हथियार है, न रायफल है। मुझे अकेले ले जाएं उनसे मिलवा दें। मुझे संतुष्टि हो जाएगी मैं वापिस चला जाऊंगा।’
इसके बाद वे अन्य कांग्रेस नेताओं के साथ रामदा होटल के पास धरने पर बैठ गए। इस पर बेंगलुरु पुलिस दिग्विजय सिंह तथा अन्य नेताओं को हिरासत में लेकर अमरुताहल्ली पुलिस स्टेशन ले गई।
यहाँ दिग्विजय सिंह ने कहा कि वह अब भूख हड़ताल पर हैं। उन्हें निवारक (प्रिवेंटिव) गिरफ्तारी के तहत रखा गया है। दिग्विजय सिंह ने कहा कि ‘ मैंने खुद 5 विधायकों से बात की उन्होंने कहा कि वे बंदी हैं, उनके फोन छीन लिए गए, हर कमरे के सामने पुलिस है। उन्हें 24/7 फॉलो किया जा रहा है। भाजपा फ्लोर टेस्ट के लिए कह रही है लेकिन 22 विधायकों के बिना फ्लोर टेस्ट कैसे हो सकता है?’
बेंगलुरू के अमृताहल्ली पुलिस स्टेशन में कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह, कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष डी.के. शिवकुमार और मध्य प्रदेश कांग्रेस नेता सज्जन सिंह वर्मा और कांतिलाल भूरिया मौजूद हैं।
इस बीच हिरासत में लिए गए कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने कहा कि ‘मुझे क्यों गिरफ्तार किया गया है? जब तक मैं विधायकों से मिल नहीं लेता मैं यहां से नहीं जाऊंगा। सरकार भी बचाएंगे और अपने विधायकों को भी वापस लाएंगे। मैं कानून का पालन करने वाला नागरिक हूं मैंने किसी कानून को नहीं तोड़ा है।’
वहां मौजूद कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष डीके शिवकुमार ने कहा कि ‘दिग्विजय सिंह कांग्रेस पार्टी के विधायकों से मिलने आए हैं। विधायकों में से एक ने होटल के किसी आदमी की मदद से फोन करके कहा कि आप यहां आकर हमें निकालिए। उसके अनुरोध पर वो यहां आए हैं। पुलिस को उन्हें ब्लॉक करने का कोई अधिकार नहीं है।’
खबर लिखे जाने तक कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह, कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष डी.के. शिवकुमार और मध्य प्रदेश के कांग्रेस नेता सज्जन सिंह वर्मा कमिश्नर के ऑफिस पहुंच चुके हैं।
गौरतलब है कि बेंगलुरु के रामदा होटल में 21 बागी विधायक ठहरे हुए हैं। बागी विधायकों को लेकर कांग्रेस और बीजेपी में रस्साकशी चल रही है। मामला सुप्रीमकोर्ट में भी पहुंच चूका है।
