बढ़ सकती हैं कंगना रनौत की मुश्किलें, ये है कारण
नई दिल्ली। सुशांत सिंह सुसाइड मामले में चढ़ बढ़कर बयान देने वाली और बॉलीवुड के चुनिंदा लोगों पर निशाना साधने वाली फिल्म अभिनेत्री कंगना रनौत की मुश्किलें बढ़ने की संभावना है।
कंगना के एक बयान के लिए आरटीआई एक्टिविस्ट रवि कुमार ने शिमला के एक पुलिस स्टेशन में कंगना रनौत के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट में मामला दर्ज करने के लिए तहरीर दी है। हालांकि अभी मामला दर्ज नहीं हुआ है, पुलिस इस मामले में सभी क़ानूनी पहलुओं पर विचार कर रही है लेकिन कानून के जानकारों की माने तो कंगना के खिलाफ कभी भी मामला दर्ज हो सकता है।
रवि कुमार द्वारा पुलिस में दी गई तहरीर में कंगना पर आरोप लगाया गया है कि कंगना रनौत ने 23 अगस्त 2020 को रात 8:10 बजे अपने ट्विटर अकाउंट से किये गए ट्वीट में लिखा कि “भारतीय संविधान के कारण देश में आरक्षण के रूप में जातिवाद है।”
तहरीर में कहा गया है कि जब आरक्षण को लेकर कंगना रनौत द्वारा किये ट्वीट पर दलित समाज के लोगों ने विरोध जताया तो उसने 24 अगस्त को फिर से अपने ट्वीट में चूहा लिख कर दलितों को अपमानित किया।
तहरीर में आगे कहा गया है कि कंगना ने जानबूझ कर अपने ट्वीट से भारतीय संविधान और संवैधानिक व्यवस्था और दलित समाज के लोगों का भी अपमान किया है। इसके लिए उसके खिलाफ एससी-एसटी एक्ट और अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया जाए।
