जनधन खाते से 500 रूपये निकालने गयीं महिलाओं को मिली जेल, भरने पड़े मुचलके
भोपाल ब्यूरो। मध्य प्रदेश में जनधन खाते में सरकार द्वारा डाले गए पांच सौ रूपये निकालने बैंक पहुंची महिलाओं को लॉकडाउन का उल्लंघन करने के आरोप में न सिर्फ जेल की हवा खानी पड़ी वहीँ उन्हें अपनी ज़मानत के लिए दस दस हज़ार के मुचलके भी भरने पड़े।
मामला मध्य प्रदेश के भिंड जिले का है जहाँ जनधन खाते से पांच सौ रुपये निकालने बैंक पहुंची महिलाओं के खिलाफ पुलिस ने लॉक डाउन के उल्लंघन की कार्रवाही करते हुए 39 महिलाओं को अस्थाई जेल की हवा खिलाई।
इतना ही नहीं पुलिस ने महिलाओं के खिलाफ 151 में मामला दर्ज कर उन्हें चार घंटे तक जेल में रखा और ज़मानत के लिए दस दस हज़ार के मुचलके भी भरवाए।
हालांकि महिलाओं पर सोशल डिस्टेंसिंग तोड़ने का आरोप लगाने वाली मध्य प्रदेश पुलिस खुद भी सोशल डिस्टेंसिंग तोड़ने की आरोपी साबित हुई है। पुलिस सभी 39 महिलाओं को एक ही वाहन में भरकर ले गई। इतना ही नहीं पुलिस ने अस्थाई जेल में भी महिलाओं को एक साथ रखा।
गौरतलब है कि कोरोना संक्रमण के चलते देश में लागू किये गए 21 दिनों के लॉकडाउन में गरीब परिवारों की मदद के लिए सरकार की तरफ से महिलाओं के जनधन खातों में पांच सौ रूपये जमा कराये गए थे।
इस बात की जानकारी मिलने के बाद बड़ी तादाद में महिलाएं बैंक से पांच सौ रुपये निकालने पहुंची थीं और बैंक के सामने एक लम्बी लाइन लग गई थी। पुलिस ने इसे लॉक डाउन का उल्लंघन मानते हुए महिलाओं को एक वाहन में भरकर अस्थाई जेल पहुंचा दिया और बाद में ज़मानत के लिए दस दस हज़ार के मुचलके भरने को कहा गया।
रिहा होने के बाद कई महिलाओं की आँखों में आंसू छलक पड़े। महिलाओं का कहना था कि यदि पैसे निकालने के लिए बैंक तक आने की अनुमति नहीं थी तो सरकार ने पैसे डाले की क्यों। एक महिला ने कहा कि सरकार हमे पांच सौ रुपए देने की एवज में ज़लील कर रही है।