ऑपरेशन सिंदूर : राष्ट्रपति से मिले पीएम मोदी, कल होगी सर्वदलीय बैठक
नई दिल्ली। पाकिस्तान के खिलाफ भारतीय सेना के ऑपरेशन सिंदूर के बाद आज पीएम नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रपति को पाकिस्तान के खिलाफ सेना द्वारा कल किए गए ऑपरेशन की जानकारी दी।
ऑपरेशन सिंदूर के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कैबिनेट की बैठक भी की है जिसमें मोदी ने इस ऑपरेशन की जानकारी अपने साथियों को दी है। मोदी ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और गृह मंत्री अमित शाह के साथ भी अलग से बैठक की है। इस बीच केंद्र सरकार ने कल सुबह 11:00 बजे सर्वदलीय बैठक बुलाई है।
इस बैठक के अध्यक्षता रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह करेंगे। इसके अलावा इस सब बैठक में गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय मंत्री किरेन रिजीजू जो भी मौजूद रहेंगे। सभी कैबिनेट मंत्रियों ने पीएम मोदी के नेतृत्व पर भरोसा जताया और कहा कि पूरा देश उनके साथ खड़ा है।
बताया जा रहा है कि इस दौरान प्रधानमंत्री ने कहा कि देश के लिए गर्व का पल है। कैबिनेट बैठक के बाद मोदी ने अमित शाह और राजनाथ सिंह के साथ अलग से मीटिंग की।
इसे पहले आज भारतीय सशस्त्र बलों ने ऑपरेशन सिंदूर के बारे में विस्तृत जानकारी दी। भारतीय सशस्त्र बलों ने एक समन्वित अभियान में विशेष सटीक हथियारों का उपयोग करते हुए नौ आतंकी ठिकानों पर सफलतापूर्वक हमला किया, जिनमें बहावलपुर, मुरीदके और सियालकोट सहित पाकिस्तान में चार और पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू और कश्मीर (पीओजेके) में पांच शामिल हैं।
ऑपरेशन सिंदूर के नाम से सेना द्वारा चलाए गए इस अभियान के बारे में आज प्रेस ब्रीफिंग भी हुई। जिसमें विदेश सचिव विक्रम मिस्त्री के साथ विंग कमांडर व्योमिका सिंह और कर्नल सोफिया कुरैशी ने अभियान को लेकर पूरी जानकारी दी।
