लॉकडाउन पर पीएम मोदी सोमवार को मुख्यमंत्रियों के साथ मिलकर लेंगे फैसला

लॉकडाउन पर पीएम मोदी सोमवार को मुख्यमंत्रियों के साथ मिलकर लेंगे फैसला

नयी दिल्ली। कोरोना वायरस के चलते देशभर में 17 मई तक लागू किये गए लॉकडाउन को आगे बढ़ाया जाएगा या लॉकडाउन समाप्त किया जाएगा, इसे लेकर सोमवार को फैसला आने की संभावना है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार 11 मई 2020 को दोपहर बाद तीन बजे विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बातचीत करेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय ने यह जानकारी दी है।

कोरोना वायरस के प्रकोप के बाद से प्रधानमंत्री की मुख्यमंत्रियों के साथ यह पांचवीं बैठक होगी। माना जा रहा है कि इस बैठक में लॉकडाउन पर चर्चा होगी। भारत में लॉकडाउन का तीसरा चरण 17 मई 2020 तक है।

वहीँ दूसरी तरफ लॉकडाउन में अपने घरो से दूर फंसे लोगों के लिए सरकार ने 12 मई से 15 यात्री ट्रेने चलाने का एलान किया है। ये ट्रेने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से चलेंगी। इन ट्रेनों में रिजर्वेशन 11 मई शाम 4 बजे से शुरू होगा। ये सभी ट्रेन स्पेशल ट्रेन होंगी जिन्हें नई दिल्ली से देश के अलग-अलग 15 हिस्सों में चलाया जाएगा।

रेलवे की ओर से मिली जानकारी के मुताबिक, ये ट्रेनें नई दिल्ली से डिब्रुगढ़, अगरतला, हावड़ा, पटना, बिलासपुर, रांची, भुवनेश्वर, सिकंदराबाद, चेन्नई, बैंगलुरु, मुंबई, अहमदाबाद और जम्मू के लिए चलेंगी।

जानकारी के मुताबिक, स्टेशनों पर टिकट बुकिंग काउंटर बंद रहेंगे और प्लेटफार्म टिकट सहित कोई भी टिकट काउंटर से जारी नहीं किया जाएगा। ये बुकिंग सिर्फ आईआरसीटीसी की वेबसाइट से की जा सकेगी। टिकिट की बुकिंग के लिए रिजर्वेशन 11 मई शाम 4 बजे से आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर शुरू होगा।

TeamDigital