पहलगाम हमले से पहले पीएम मोदी को थी जानकारी, खरगे ने लगाए गंभीर आरोप
रांची। पहलगाम हमले को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि पहलगाम हमले से पहले पीएम मोदी को खुफिया रिपोर्ट भेजी गई थी, जिसके बाद उन्होंने अपनी कश्मीर यात्रा का कार्यक्रम रद्द कर दिया था।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि यह बहुत गंभीर मामला है कि पीएम को खुफिया जानकारी मिलने के बाद भी पहलगाम में पर्यटकों की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम नहीं उठाए गए।
उन्होंने कहा कि सरकार ने खुफिया विफलता स्वीकार कर ली है। लेकिन जब केंद्र सरकार को इसकी जानकारी थी तो सरकार ने आवश्यक कदम क्यों नहीं उठाए।
खरगे ने कहा कि खुफिया इनपुट मिलने के बाद पीएम मोदी ने अपना कश्मीर दौरा तो रद्द कर दिया लेकिन वहां के पर्यटकों की सुरक्षा की चिंता नहीं की, अगर वे पर्यटकों की सुरक्षा की चिंता करते तो पहलगाम में आतंकी हमला नहीं होता।
खरगे ने कहा कि जिन लोगों की मौत हो रही है उनकी तरफ आपका ध्यान नहीं है आप बस कांग्रेस सरकार को गालियां देते रहते हैं।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि पाकिस्तान के खिलाफ सरकार की लड़ाई में कांग्रेस का पूरा समर्थन हम देने के लिए तैयार हैं, क्योंकि ये पूरा-पूरा देश का मामला है।
