हिमाचल प्रदेश में शांतिपूर्ण मतदान जारी, कई दिग्गजों ने किया मतदान

हिमाचल प्रदेश में शांतिपूर्ण मतदान जारी, कई दिग्गजों ने किया मतदान

शिमला। हिमाचल प्रदेश में राज्य की 68 विधानसभा सीटों के लिए आज मतदान हो रहा है। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, वरिष्ठ कांग्रेस नेता आनंद शर्मा सहित कई दिग्गजों द्वारा अपने अपने क्षेत्रो में मतदान किये जाने की खबर है।

मतदान के बाद भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि प्रजातंत्र की दृष्टि से देखा जाए तो आज का दिन त्योहार का दिन होता है जिस दिन जनता अपने मतों का प्रयोग कर अपनी पसंद की सरकार 5 साल के लिए चुनती है। मैं सबसे निवेदन करता हूं कि अधिक से अधिक मतों का प्रयोग करें और प्रजातंत्र को मजबूत बनाए।

वहीँ कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आनंद शर्मा ने मतदान के बाद कहा कि रिवाज नहीं बदलेगा, सरकार बदलेगी, परिवर्तन होगा। आम आदमी पार्टी को कुछ नहीं मिलेगा, उनका चेहरा सामने आ गया है। वह भाजपा की B टीम है और वोट काटने के लिए हैं।

हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल, उनके बेटे और केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने शिमला में मतदान केंद्र नंबर 7 पर मतदान किया। मतदान के बाद केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि कई राज्यों में हमारी सरकार दोबारा बनी इसलिए इस बार भी ऐसा(हिमाचल प्रदेश और गुजरात में) होगा। क्योंकि सुशासन, विकास और जनकल्याण के कई काम हुए हैं।

मतदान के बाद हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि मैं लोगों से यही अनुरोध करूंगी कि आप विकास और काम के नाम पर वोट दीजिए। कांग्रेस पार्टी ने हमेशा विकास किया है और आगे भी कांग्रेस ही हिमाचल का विकास बढ़ा सकती है।

हिमाचल प्रदेश की 68 विधानसभा सीटों पर कुल 412 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। राज्य में कुल 55,92,828 मतदाता हैं जिनमे महिला मतदाताओं की संख्या 27,37,845, पुरुष मतदाताओं की संख्या 28,54,945 तथा 38 थर्ड जेंडर मतदाता हैं।

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital