अपडेट: 24 घंटे में 549 नए मामले, संक्रमित मरीजों की संख्या हुई 5734

अपडेट: 24 घंटे में 549 नए मामले, संक्रमित मरीजों की संख्या हुई 5734

नई दिल्ली। देश में लगातार बढ़ रहे कोरोना संक्रमित मरीजों की तादाद के बीच पिछले 24 घंटो में 549 नए मामले सामने आये हैं और कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर अब 5734 तक पहुँच गई है।

केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटे में कोरोना के 549 नए मामले आए हैं और 17 लोगों की मौत हुई है। इसी के साथ देशभर में कोरोना पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 5734 हो गई है। जिसमें 5095 सक्रिय हैं, 473 लोग स्वस्थ हो गए या उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और 166 लोगों की मौत हुई है।

भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के मुताबिक 1,30,000 सैंपल्स का अब तक टेस्ट किया जा चुका है। इनमें से 5,734 सैंपल अबतक पॉजिटिव पाए गए हैं। पिछले एक-डेढ़ महीनों में पॉजिटिविटी रेट 3-5% के बीच रहा। इसमें ज्यादा बढ़ोत्तरी नहीं हुई है। कल हमने 13,143 सैंपल्स का टेस्ट किया।

उत्तर प्रदेश, दिल्ली और मध्य प्रदेश के जिन इलाको को कोरोना संक्रमण का हॉट स्पॉट चिन्हित किया है, उन्हें पूरी तरह से सील कर दिया गया है और इन इलाको को सेनेटाइज किये जाने की प्रकिया शुरू हो चुकी है।

गाज़ियाबाद के वसुंधरा सेक्टर 2बी और वैशाली सेक्टर6 को कोरोना वायरस के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए सील कर दिया है। इन इलाकों में फल वाले, सब्जी वाले या बाहर के किसी भी व्यक्ति का प्रवेश प्रतिबंधित है।

गाजियाबाद के मोहन नगर की सेवियर सोसाइटी को भी पूरी तरह से सील कर दिया गया है। इलाके में सेनिटाइजेशन का काम किया जा रहा है। सोसाइटी के अंदर ही लोगों को जरूरी सामान की डिलीवरी की जा रही है।

नोएडा में कोरोना वायरस के फैलाव को रोकने के लिए नोएडा सेक्टर-28 को स्थानीय प्रशासन ने पूरी तरह सील किया है। गौतमबुद्ध नगर के जिलाधिकारी सुहास एल.वाई ने बताया कि आवश्यक वस्तुएं और आपातकालीन सेवाएं पहले की तरह बहाल रहेंगी। प्रशासन डोर स्टेप डिलीवरी के माध्यम से घर तक सामान पहुंचाने की कोशिश कर रहा है,ऑनलाइन पोर्टल से टाई-अप भी हुआ है। 24 घंटे दवाई की सप्लाई के लिए दवा कंपनियों के साथ टाई-अप किया गया है।’

नोएडा सेक्टर-74 के सुपरटेक केपटाउन अपार्टमेंट और सेक्टर -79 के हाइड पार्क अपार्टमेंट को पूरी तरह से सील कर दिया गया है। ये एरिया यूपी सरकार द्वारा सील किए गए 15 जिलों के हॉटस्पॉट में शामिल है।

इलाका सील होने से डॉक्टर भी फंसे:

नोएडा सेक्टर-28 के ​वरुण विहार अपार्टमेंट को सील कर दिया गया है। अपोलो अस्पताल में काम करने वाले डॉ. नीतिन घोंघे कहते हैं सीलिंग की वजह से हमें बाहर नहीं जाने दिया जा रहा है। क्या ऐसे हम इस संकट का सामना करेंगे?

गृह मंत्रालय की प्रवक्ता पुण्य सलिला श्रीवास्तव ने कहा कि ‘राज्य सरकारें लॉकडाउन के काम में जुटी हुई हैं। कल गृह मंत्रालय ने जो कंट्रोल रूम बनाया है। कल उसके द्वारा 300 से ज्यादा समस्याओं का निदान किया गया। नॉर्थ ईस्ट के लिए लगाई गई हेल्पलाइन 1944 भी सुचारू रूप से सेवाएं प्रदान कर रही है।’

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने बताया कि ‘PPE, मास्क और वेंटिलेटर की सप्लाई अब शुरू हो गई है। भारत में 20 घरेलू निर्माताओं को PPE के लिए विकसित किया गया है, 1.7 करोड़ PPE के लिए ऑर्डर दिए गए हैं और सप्लाई भी आना शुरू हो गया है। 49,000 वेंटिलेटर का ऑर्डर भी दिया जा चुका है।’

बिहार में आज कोरोना के 12 नए पॉजिटिव केस (सिवान में एक परिवार के 10 लोग) मिले। अब राज्य में कुल पॉजिटिव केस 51 हो गए हैं। वहीँ महाराष्ट्र में आज कोरोना वायरस के 162 नए मामले सामने आए हैं, राज्य में कोरोना वायरस पॉजिटिव मामलों की संख्या बढ़कर बढ़कर 1297 हो गई है।

गुजरात में कोरोना वायरस के 55 नए पॉजिटिव केस मिले हैं। जिनमें 50 मामले अहमदाबाद से, 2 सूरत से, 1-1 मामला (दाहोद ,आनंद और छोटा उदेपुर) से है। अब राज्य में पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 241 हो गई है।

राजस्थान राज्य में आज कोरोना वायरस के पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 413 हैं, इसमें से 129 केस जयपुर से हैं। वहीँ दिल्ली में अब तक कोरोना वायरस के पॉजिटिव केस 669 हैं जिसमें मरकज़ के 426 केस हैं।

बृहन्मुंबई महानगर पालिका (BMC) ने लॉकडाउन के दौरान धारावी के नियंत्रण क्षेत्र (Containment area) में सभी सब्जी/ फलों के बाज़ारों, फेरीवालों और विक्रेताओं पर प्रतिबंध लगाने का आदेश दिया है। इलाके में दवाई की दुकानों को खोलने की अनुमति है।

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने जानकारी दी है कि राज्य में कुल 11 मरीज़ हैं उनमें से 9 मरीज़ स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं। 1 मरीज़ है वो स्वस्थ है और वो भी बहुत जल्द ही घर चला जाएगा। 11वां मरीज़ कल रात ही मिला, जहां वो मिला उसको हमने पूरी तरह से लॉकडाउन कर दिया है।

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital