हार पर हाहाकार: एक्शन में सोनिया गांधी, 5 राज्यों के प्रदेश अध्यक्षों से मांगा इस्तीफा

हार पर हाहाकार: एक्शन में सोनिया गांधी, 5 राज्यों के प्रदेश अध्यक्षों से मांगा इस्तीफा

नई दिल्ली। पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों में कांग्रेस की करारी हार के बाद कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने बड़ा एक्शन लेते हुए चुनाव वाले पांचो राज्यों के प्रदेश अध्यक्ष से इस्तीफा तलब किया है।

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, गोवा और मणिपुर के पीसीसी अध्यक्षों से कहा है कि वे पीसीसी के पुनर्गठन के लिए अपना इस्तीफा दे दें। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव रणदीप सुरजेवाला ने ट्वीट जारी करते हुए यह जानकारी दी है।

करारी हार के बाद कांग्रेस पार्टी के अंदर मंथन का दौर जारी है। इस बीच आलाकमान चुनाव वाले सभी राज्यों के प्रदेश अध्यक्षों से इस्तीफा देने के लिए कहा है। यूपी में अजय कुमार लल्लू और पंजाब में नवजोत सिंह सिद्धू प्रदेश पीसीसी के प्रमुख हैं। उत्तराखंड में गणेश गोदियाल के पास प्रदेश कांग्रेस की कमान है तो गोवा में गिरीश चोडनकर पीसीसी अध्यक्ष थे, जिन्होंने गोवा में कांग्रेस की हार के बाद अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। मणिपुर नमेईरकपैम लोकेन सिंह प्रदेश अध्यक्ष पद पर हैं।

कांग्रेस कार्य समिति की बैठक में सोनिया गांधी ने कहा था कि ‘हम पार्टी के हित में किसी भी त्याग के लिए तैयार हैं। सीडब्ल्यूसी में शामिल नेताओं ने उनके नेतृत्व में भरोसा जताते हुए उनसे आग्रह किया कि संगठनात्मक चुनाव संपन्न होने तक वह पद पर बनी रहें। सीडब्ल्यूसी में शामिल नेताओं ने सोनिया गांधी से यह भी कहा था कि वह कांग्रेस को मजबूत बनाने के लिए जरूरी बदलाव करें और सुधारात्मक कदम उठाएं।

सीडब्ल्यूसी की बैठक में यह फैसला भी किया गया था कि संसद का बजट सत्र संपन्न होने के तत्काल बाद एक ‘चिंतन शिविर’ का आयोजन किया जाएगा जिसमें आगे की रणनीति तय की जाएगी। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अपने प्रदेश में ‘चिंतन शिविर’ का आयोजन करने का प्रस्ताव दिया था।

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital