भारत के दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने के दावे पर विपक्ष ने दागे सवाल

भारत के दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने के दावे पर विपक्ष ने दागे सवाल

नई दिल्ली। भारत के दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने के नीति आयोग के दावे पर विपक्ष ने कड़े सवाल उठाए हैं।

बता दें कि नीति आयोग के सीईओ बीवीआर सुब्रह्मण्यम ने ऐलान किया है कि भारत जापान को पीछे छोड़कर विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है।

उन्होंने कहा कि भारत की इकोनॉमी 4 ट्रिलियन डॉलर हो गई है। कुछ ही वर्षों में भारत जर्मनी को पीछे छोड़कर दुनिया की तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा।

कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने सरकार से सवाल पूछते हुए कहा कि सरकार मध्यम वर्ग की परेशानी और बेरोजगारी पर भी बात करे।

उन्होंने कहा कि सरकार को यह देखना चाहिए कि इससे आम नागरिकों को कितना फायदा हो रहा है। इसके आगे उन्होंने कहा कि सरकार को प्रति व्यक्ति आय, अमीर और गरीब के बीच बढ़ती खाई, ईएमआई चुकाने में संघर्ष कर रहे मध्यम वर्ग, एमएसएमई क्षेत्र, बेरोजगारी जो 45 साल का रिकॉर्ड तोड़ रही है, इस पर भी थोड़ा ध्यान देना चाहिए।

कांग्रेस नेता ने कहा हमें देखना चाहिए कि इससे मध्यम वर्ग कितनी तरक्की कर रहा है।

आरजेडी नेता मनोज झा ने सरकार से कहा कि क्या अर्थव्यवस्था बढ़ने से आम आदमी पर कुछ असर पड़ेगा?

उन्होंने कहा कि आम नागरिकों को अर्थव्यवस्था तब समझ आती है जब तरक्की और खुशहाली हर जगह पहुंचे।

राजद सांसद ने कहा कि मैं पूछना चाहता हूं कि क्या यह बात जमीन पर उतरी है? क्या इसका असर आम आदमी पर पड़ा है? संविधान के अनुच्छेद 39 (c) में समान आय की बात कही गई है। लेकिन क्या इसका फायदा आम आदमी को मिल रहा है? अगर इसका फायदा आम आदमी को नहीं मिल रहा है तो जश्न मनाना ठीक नहीं।

TeamDigital