कोरोना से गुजरात में एक और मौत, गृहमंत्री ने कहा ‘पलायन रोकें राज्य’
नई दिल्ली। कोरोना को लेकर लागू किये गए लॉकडाउन के बाद हज़ारो की तादाद में एक राज्य से दूसरे राज्यों को जा रहे लोगों को लेकर गृहमंत्री अमित शाह ने राज्यों के मुख्यमंत्रियों से बात की है।
गृहमंत्री अमित शाह ने राज्यों के मुख्यमंत्रियों से प्रवासी मजदूरों के पलायन को रोकने तथा बेघरों, मजदूरों को रहने का इंतजाम करने, भोजन, दवा और कपड़ा मुहैया कराने को कहा है।
गौरतलब है कि लॉकडाउन के कारण यात्री रेलों और बसों के बंद होने के बाद देश की राजधानी दिल्ली में काम करने वाले अन्य राज्यों के लोग पैदल ही अपने अपने ठिकानों की तरफ निकल पड़े हैं। शनिवार को उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा दिल्ली बॉर्डर पर बड़ी तादाद में खड़े लोगों को पहुंचाने के लिए एक हज़ार बसों की व्यवस्था की गई है।
सभी राज्यों को गृह मंत्रालय ने जारी किया निर्देश:
गृह मंत्रालय ने सभी राज्यों को निर्देश देते हुए सभी बेघर लोगों के रहने, खाने आदि के प्रबंध करने को कहा है। केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से सभी राज्यों को चिट्ठी लिखकर इस दिशा में जरूरी कदम उठाने का निर्देश जारी किया गया है। पत्र में कहा गया है, ‘लॉकडाउन के दौरान सभी राज्य अपने यहां रह रहे सभी बेघर और पलायित मजदूरों के लिए अस्थाई आवास, खाना, कपड़ा, दवाई आदि का प्रबंध सुनिश्चित करें।’
वहीँ कोरोना के मरीजों की तादाद में लगातार बढ़ोत्तरी हो रही है। केरल के कोच्चि मेडिकल कॉलेज में एक 69 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई है। मृत शख्स कोरोना पॉजिटिव पाया गया था, जिसके बाद उन्हें कोच्चि मेडिकल कॉलेज में इलाज के लिए भर्ती कराया गया था। हालांकि शनिवार दोपहर उनकी मौत हो गई। जिला मेडिकल अधिकारी ने खुद इस बात की पुष्टि की है।
श्रीनगर में सात नए कोरोना पॉजिटिव केस सामने आए हैं। इनमें से तीन धार्मिक जगहों पर एकत्र होने के बाद कोरोना संक्रमित मरीज के संपर्क में आए थे। जबकि अन्य तीन बाहर से यात्रा कर जम्मू-कश्मीर पहुंचे हैं। इसके संपर्क में आए सभी लोगों की छानबीन की जा रही है।
वहीँ अहमदाबाद में एक और कोरोना मरीज की मौत हो गई है। मरने वाली महिला की उम्र 46 साल की है जिसे मधुमेह और ब्लडप्रेशर की समस्या से ग्रस्त थी। गुजरात में कोरोना से मरने वालों की तादाद 4 हो चुकी है। अब तक कोरोना के 54 पॉजिटिव मामले सामने आए हैं।
उत्तर प्रदेश के नोएडा में पांच नए कोरोना पॉजिटिव केस पाए गए हैं। जिसके बाद सभी मरीजों के घर सील कर दिए गए हैं। देशभर में अबतक कोरोना संक्रमण के 922 मामले सामने आये हैं, जिसमे 82 लोग स्वास्थ्य हो चुके हैं तथा अब तक कुल 21 लोगों की मौत हो चुकी है।
