पटेल जयंती पर बोले राहुल, ‘लोकतंत्र की रक्षा करना ही सरदार पटेल को सच्ची श्रद्धांजलि’

पटेल जयंती पर बोले राहुल, ‘लोकतंत्र की रक्षा करना ही सरदार पटेल को सच्ची श्रद्धांजलि’

नई दिल्ली। देश के पहले गृह मंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर रविवार को पीएम नरेंद्र मोदी तथा विपक्ष के नेताओं ने अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की। केंद्र 31 अक्टूबर को पटेल की जयंती को ‘‘राष्ट्रीय एकता दिवस’’ के रूप में मनाता है।

पीएम नरेंद्र मोदी ने सरदार वल्लभाई पटेल को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनकी प्रेरणा से भारत आज सभी प्रकार की बाहरी और आंतरिक चुनौतियों से निपटने में पूरी तरह सक्षम हो रहा है।

उन्होंने सरदार पटेल की जयंती पर एक वीडियो संदेश में कहा, ‘‘सरदार पटेल हमेशा चाहते थे कि भारत सशक्त और समावेशी हो, संवेदनशील और सतर्क भी हो, विनम्र भी हो और विकसित भी हो। उन्होंने देशहित को हमेशा सर्वोपरि रखा। आज उनकी प्रेरणा से भारत, बाहरी और आंतरिक हर प्रकार की चुनौतियों से निपटने में पूरी तरह से सक्षम हो रहा है।’’

उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने ‘‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’’ के लिए अपने जीवन का हर पल समर्पित किया और इसी की बदौलत वह सिर्फ इतिहास में ही नहीं बल्कि देशवासियों के ह्रदय में भी हैं।

पटेल जयंती के बहाने राहुल ने मोदी सरकार पर साधा निशाना:

इस अवसर पर पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने एक बार फिर बिना नाम लिए मोदी सरकार पर निशाना साधा। राहुल गांधी ने कहा कि ऐसे समय में, जब लोकतंत्र के सभी स्तंभ ‘‘कमजोर’’ किए जा रहे हैं, पटेल के योगदान को याद रखना महत्वपूर्ण है।

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने भी पटेल को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि ‘‘उनका संघर्ष हमें किसानों के दमन के खिलाफ एवं किसानों के हक के लिए न्याय की लड़ाई में चट्टान की तरह डटे रहने की प्रेरणा देता है।’’

राहुल ने ट्वीट किया, ‘‘आज जब हमारे लोकतंत्र के सभी स्तंभ कमजोर किए जा रहे हैं, हमें सरदार वल्लभभाई पटेल के योगदान को याद करना होगा। इन स्तंभों का निर्माण करने वाले कांग्रेस नेताओं में से एक महत्वपूर्ण आवाज उनकी भी थी। लोकतंत्र की रक्षा करना ही सरदार पटेल को सच्ची श्रद्धांजलि है।’’

प्रियंका ने ट्वीट किया, ‘‘लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल जी ने बारदोली सत्याग्रह में किसानों के हक, स्वाभिमान और सम्मान की आवाज बुलंद की। उनका संघर्ष हमें किसानों के दमन के खिलाफ एवं किसानों के हक के लिए न्याय की लड़ाई में चट्टान की तरह डटे रहने की प्रेरणा देता है।’’

कांग्रेस ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर कहा, ‘‘भारत को एकजुट रखने की इस लड़ाई में, नफरत पर प्यार की जीत सुनिश्चित करने की इस लड़ाई में, हमारे, किसानों को, हमारे लोगों को हमारे देश को बचाने की इस लड़ाई में हम भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल को आज और हर दिन याद करते हैं।’’

TeamDigital