कोरोना इफेक्ट: टल सकती है एनपीआर की प्रक्रिया, ओडिशा के सीएम ने की मांग
नई दिल्ली। देशभर में कोरोना वायरस को लेकर बरती जा रही सतर्कता के बीच एक अप्रेल से शुरू होने वाली जनगणना (एनपीआर) की प्रक्रिया के टलने के आसार बनते दिख रहे हैं।
कोरोना के खतरे को देखते हुए ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने पीएम नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर कोरोना वायरस संकट के चलते जनगणना से जुड़ी गतिविधियों और राष्ट्रीय जनसंख्या रजिस्टर (NPR) सर्वे को स्थगित करने के लिए केंद्र सरकार से मांग की है।
पटनायक के मुताबिक, इस वक्त राज्य प्रशासन से जुड़ी पूरी मशीनरी कोरोना वायरस से लड़ाई में जुटी है। ऐसे में जनगणना और NPR से जुड़े सर्वे की गतिविधियां शुरू होने से फील्ड वर्कर्स और लोगों को जोखिम हो सकता है।
पटनायक ने चिट्ठी में लिखा है, “गृह मंत्रालय ने जनगणना 2021 और NPR की अपडेटिंग देश भर में कराने के लिए अधिसूचना जारी की है। राज्यों को घरों की लिस्टिंग, घर-घर जनगणना और NPR अपडेटिंग के पहले चरण को पूरा करने के लिए शेड्यूल दिए गए हैं। ये काम इस साल 1 अप्रैल और 30 सितंबर के बीच होना है।”
मुख्यमंत्री ने चिट्ठी में लिखा है कि गणना करने वाले और सुपरवाइजर, कुल 30 लाख लोग देश में पहले चरण में घर घर जाकर डेटा इकट्ठा करेंगे। इससे पहले ट्रेनिंग, जागरूकता अभियान और संबंधित गतिविधियां जैसी गतिविधियां चलेंगी।
मुख्यमंत्री ने पत्र में लिखा कि कोरोना के कारण जनगणना करने वाले कर्मचारियों को जोखिम में नहीं डाल सकते। इसलिए एनपीआर की प्रक्रिया को फ़िलहाल स्थगित किया जाना ही बेहतर है।
