SIR पर चुनाव आयोग को कटघरे में खड़ा करने वाले जेडीयू सांसद को पार्टी का नोटिस

SIR पर चुनाव आयोग को कटघरे में खड़ा करने वाले जेडीयू सांसद को पार्टी का नोटिस

पटना। बिहार में चुनाव आयोग द्वारा कराये जा रहे SIR पर सवाल उठाने वाले जनता दल यूनाइटेड (JDU) के सांसद को पार्टी ने कारन बताओ नोटिस जारी किया है। गौरतलब है कि बिहार में SIR प्रक्रिया पर जेडीयू सांसद गिरधारी यादव ने सवाल उठाये थे।

चुनाव आयोग की मंशा पर सवाल उठाने और SIR को गैर ज़रूरी बताने पर जनता दल यूनाइटेड ने उन्हें अनुशासनहीनता के लिए नोटिस दिया है। नोटिस में जवाब देने के लिए इन्हें 15 दिनों का समय दिया गया है।

बता दें कि बांका लोकसभा क्षेत्र से जेडीयू के सांसद गिरिधारी यादव ने एक न्यूज़ चैनल से बात करते हुए चुनाव आयोग और SIR की प्रक्रिया पर सवाल उठाये थे। उन्होंने कहा था कि SIR के लिए बहुत कम समय दिया, जिसकी वजह से लोगों को बहुत परेशानी हो रही है।

इतना ही नहीं जेडीयू सांसद गिरधारी यादव ने SIR को तुगलकी फरमान बताया और आयोग पर सवाल उठाए। गिरधारी यादव ने कहा कि उन्हें खुद अपने नाम को वोटर लिस्ट में अपडेट कराने में 10 दिन लग गए।

अपने बेटे का नाम वोटरलिस्ट से कटने का ज़िक्र करते हुए यादव ने कहा, “मेरा बेटा अमेरिका में रहता है, वह दस्तखत कैसे भेजेगा? मुझे खुद जरूरी कागजात इकट्ठा करने में 10 दिन लग गए। आयोग ने इतनी बड़ी प्रक्रिया के लिए बहुत कम समय दिया है।”

उन्होंने यह भी कहा कि इस वक्त बिहार में खेती का सीजन चल रहा है। लोग खेतों में व्यस्त हैं और कई जिलों में बाढ़ की स्थिति बनी रहती है। ऐसे समय में लोगों को कागजों के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर कटवाना ठीक नहीं है।

TeamDigital