3 मई तक फ्लाइट्स, बसें, ट्रेन सभी पब्लिक ट्रासंपोर्ट रहेंगे बंद
नई दिल्ली। देशभर में लॉकडाउन की अवधि 03 मई तक बढ़ाये जाने के साथ ही देश के सभी पब्लिक ट्रांसपोर्ट भी 03 मई तक बंद रहेंगे। लॉकडाउन के दौरान मेट्रो, यात्री रेल गाड़ियां, फ़्लाइस और बसें बंद रहेंगी।
रेल मंत्रालय के मुताबिक सभी यात्री ट्रेनों का संचालन 03 मई तक के लिए स्थगित रखा गया है। प्रीमियम ट्रेन, मेल/एक्सप्रेस ट्रेन, पैसेंजर ट्रेन, सबर्बन ट्रेन, कोलकाता मेट्रो रेल और कोंकण रेलवे आदि को 3 मई तक के लिए निलंबित करने का फैसला किया है। इसके साथ ही आगे कोई भी टिकट बुकिंग नहीं होगी।
इसके अलावा IRCTC ने पहले ही अपनी 3 प्राइवेट ट्रेन की बुकिंग 30 अप्रैल तक स्थगित करने का ऐलान कर दिया है। ये तीन ट्रेन वाराणसी-इंदौर रूट पर चलने वाली काशी महाकाल एक्सप्रेस, लखनऊ-नई दिल्ली तेजस और अहमदाबाद-मुंबई तेजस हैं।
वहीँ नागरिक उड्डयन मंत्रालय की ओर से जारी बयान के मुताबिक सभी उड़ानें 3 मई रात 11:59 बजे तक रद्द कर दी गई हैं। वहीँ लॉक डाउन के चलते राज्य परिवहन निगम की बसों के संचालन को भी स्थगित रखा गया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज लॉकडाउन की अवधि 03 मई तक बढ़ाने का एलान किया। इससे पहले देश में लागू किये गए 21 दिनों के लॉकडाउन की अवधि आज रात 12 बजे समाप्त होनी थी।
पीएम मोदी के भाषण की 7 अहम बातें:
1-अपने घर के बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें- विशेषकर ऐसे व्यक्ति जिन्हें पुरानी बीमारी हो, उनकी हमें एक्स्ट्रा केयर करनी है, उन्हें कोरोना से बहुत बचाकर रखना है।
2-लॉकडाउन और सोशल डिस्टेंसिंग की लक्ष्मण रेखा का पूरी तरह पालन करें , घर में बने फेसकवर या मास्क का अनिवार्य रूप से उपयोग करें।
3-अपनी इम्यूनिटी बढ़ाने के लिए, आयुष मंत्रालय द्वारा दिए गए निर्देशों का पालन करें, गर्म पानी, काढ़ा, इनका निरंतर सेवन करें।
4-कोरोना संक्रमण का फैलाव रोकने में मदद करने के लिए आरोग्य सेतु मोबाइल एप्प जरूर डाउनलोड करें। दूसरों को भी इस एप्प को डाउनलोड करने के लिए प्रेरित करें।
5-जितना हो सके उतने गरीब परिवार की देखरेख करें, उनके भोजन की आवश्यकता पूरी करें।
6-आप अपने व्यवसाय, अपने उद्योग में अपने साथ काम करे लोगों के प्रति संवेदना रखें, किसी को नौकरी से न निकालें।
7-देश के कोरोना योद्धाओं, हमारे डॉक्टर- नर्सेस, सफाई कर्मी-पुलिसकर्मी का पूरा सम्मान करें।
