नीतीश कुमार ने जनता दल यूनाइटेड के राष्ट्रीय अध्यक्ष का पद छोड़ा

पटना ब्यूरो। पटना में आज हुई जनता दल यूनाइटेड की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष को छोड़ने का एलान किया। नीतीश कुमार की जगह अब जनता दल यूनाइटेड के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद की ज़िम्मेदारी आरसीपी सिंह को सौंपी गई है। सिंह को तीन वर्ष के लिए जनता दल यूनाइटेड का अध्यक्ष मनोनीत किया गया है।
इससे पहले राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में नीतीश कुमार ने राष्ट्रीय अध्यक्ष पद छोड़ने की इच्छा जताते हुए कहा कि उनका कोई व्यक्तिगत स्वार्थ नहीं है. वे केवल आम लोगों की सेवा करना चाहते हैं। बैठक की अध्यक्षता करते हुए नीतीश कुमार ने आरसीपी सिंह को जदयू का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाने का प्रस्ताव रखा।जिसे राष्ट्रीय कार्यकारिणी ने सर्वसम्मति से पास कर दिया।
जदयू राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में अरुणाचल प्रदेश में ताजा राजनीतिक घटनाक्रम पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जदयू विधायकों के बीजेपी में शामिल होने पर आश्चर्य जताया।
बैठक में सभी राज्यों में जनता दल यूनाइटेड का संगठन मजबूत करने और भविष्य में अन्य राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावो को लेकर भी चर्चा हुई। निकट समय में पश्चिम बंगाल और असम में होने वाले विधानसभा चुनाव में जनता दल यूनाइटेड की भूमिका को लेकर भी विचार विमर्श हुआ।
अरुणाचल की घटना गठबंधन की राजनीति के लिए अच्छे संकेत नहीं:
बैठक के बाद मीडिया से बात करते हुए जनता दल यूनाइटेड के महासचिव केसी त्यागी ने कहा कि नीतीश कुमार ने आज अपने आप को पार्टी के अध्यक्ष पद से मुक्त करने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही उन्होंने आरसीपी सिंह का नाम JDU अध्यक्ष के लिए प्रस्तावित किया, इसपर सभी राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्यों ने सर्वसम्मति से अपनी मोहर लगाई।
उन्होंने कहा कि अरुणाचल प्रेदश में जदयू के 6 विधायक बीजेपी में शामिल हुए हैं इसे लेकर पार्टी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। यह गठबंधन की राजनीति के लिए अच्छे लक्षण नहीं हैं।