कोरोना को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ने किया आगाह ‘आने वाले हफ्ते क्रूर’
नई दिल्ली। दुनिया के एक दर्जन से अधिक देश कोरोना संकट से जूझ रहे हैं। तमाम कोशिशों के बावजूद कोरोना संक्रमित मरीजों की तादाद बढ़ती जा रही है। विश्वभर में कोरोना संक्रमण के मामले 850,000 से अधिक हो गए हैं। अब तक 42,000 से ज़्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि 178,000 इस बीमारी से ठीक हुए हैं।
इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने लोगों को आगाह किया है कि आने वाले कुछ हफ्ते बेहद क्रूर हो सकते हैं। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने व्हाइट हाउस ब्रीफिंग रूम में की गई इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, “मैं चाहता हूं कि हर अमेरिकी हमारे सामने आने वाले बेहद मुश्किल दिनों के लिए तैयार रहे… हम बेहद कठिन और मुश्किल दो हफ्तों का सामना करने वाले हैं।”
इतना ही नहीं ट्रंप ने चेतावनी दी कि आने वाले सप्ताह व्हाइट हाउस के इतिहास में और भी चुनौती भरा और कठिन हो सकता है। गौरतलब है कि अमेरिका में बुधवार को कोरोनावायरस से मरने वालों की संख्या चार हजार से अधिक पहुंच गई है। अमेरिका में पिछले 24 घंटों में कोविड-19 से 700 से ज्यादा लोगों की मौत हुई है।
वहीँ जॉन्स हॉपकिंस विश्वविद्यालय के मुताबिक, अमेरिका में कोरोना वायरस के कारण मरने वालों का आंकड़ा 4,000 पार कर गया है। यहाँ इस समय दुनिया में सबसे अधिक कोरोना वायरस से संक्रमित लोग मौजूद हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक कोरोना वायरस के कारण अमरीका में बीते 24 घंटों में 865 लोगों की मौत हुई है जो एक दिन में मौतों का सबसे बड़ा आंकड़ा है।अमेरिका में 1,88,172 लोग कोरोना से संक्रमित हैं और वहां मरने वालों का आंकड़ा चीन से भी ज़्यादा हो गया है।
बता दें कि कोरोना के कारण सबसे अधिक प्रभावित देश अमेरिका, इटली, स्पेन, चीन और जर्मनी हैं। कोरोना के कारण अब तक सबसे अधिक मौतें इटली में हुई हैं।
