11 राज्यों में ओमीक्रॉन की दस्तक, मरीजों का आंकड़ा 100 के पार

11 राज्यों में ओमीक्रॉन की दस्तक, मरीजों का आंकड़ा 100 के पार

नई दिल्ली। कोरोना के नए वेरिएंट ने अब तक देश के 11 राज्यों में दस्तक दे दी है। देश में ओमीक्रॉन मरीजों का आंकड़ा 100 के पार पहुंच गया है। स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल के मुताबिक देश के 11 राज्यों में ओमिक्रोन के 101 मामले मिले हैं।

उन्होंने कहा कि देश में ओमिक्रोन के जो अधिकतर मामले आए हैं उनकी ट्रैवल हिस्ट्री है या वो ट्रैवल हिस्ट्री वाले लोगों के संपर्क में आए हैं। देश में अभी 19 ज़िले ऐसे हैं जहां संक्रमण बहुत ज़्यादा है, वहां साप्ताहिक पॉजिटिविटी 5-10% के बीच है। केरल में ऐसे 9 ज़िले, मिज़ोरम में 5 ज़िले, नागालैंड, राजस्थान, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश,पश्चिम बंगाल में ऐसे एक-एक ज़िले हैं।

लव अग्रवाल ने कहा कि ओमिक्रॉन से संक्रमण के मामले 91 देशों में सामने आ चुके हैं। डब्ल्यूएचओ ने कहा है कि दक्षिण अफ्रीका में ओमिक्रॉन डेल्टा के मुकाबले काफी तेज रफ्तार से फैल रहा है जहां डेल्टा की रफ्तार कम थी। आशंका है कि जहां सामुदायिक प्रसार होगा वहां ओमिक्रॉन वैरिएंट डेल्टा से आगे निकल जाएगा।

देश में टीकाकरण की स्थिति पर अग्रवाल ने बताया कि भारत में कोरोना वायरस रोधी टीके की खुराकें दुनिया में सबसे तेज रफ्तार से लगाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि भारत में रोजाना टीकाककरण की दर अमेरिका से 4.8 गुना और ब्रिटेन से 12.5 गुना अधिक है।

कोरोना के मामले कम हुए:

वहीँ दूसरी तरफ देश में कोरोना मामलो में लगातार कमी देखी जा रही है। भारत में एक दिन में कोविड-19 के 7,447 नए मामले सामने आने से संक्रमण के कुल मामलों की संख्या 3,47,26,049 हो गयी जबकि उपचाराधीन मरीजों की संख्या कम होकर 86,415 रह गयी है।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के शुक्रवार सुबह आठ बजे तक अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, 391 मरीजों के जान गंवाने से मृतकों की संख्या बढ़कर 4,76,869 हो गयी है। संक्रमण के दैनिक मामले पिछले 50 दिनों से 15,000 से कम बने हुए है।

मंत्रालय ने बताया कि उपचाराधीन मरीजों की संख्या संक्रमण के कुल मामलों का 0.25 प्रतिशत है जो मार्च 2020 के बाद से सबसे कम है जबकि कोविड-19 से स्वस्थ होने की राष्ट्रीय दर 98.38 प्रतिशत दर्ज की गयी जो मार्च 2020 के बाद से सबसे अधिक है। कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या में पिछले 24 घंटों में 830 की कमी दर्ज की गयी।

आंकड़ों के मुताबिक, संक्रमण की दैनिक दर 0.59 प्रतिशत दर्ज की गयी। यह पिछले 74 दिनों से दो प्रतिशत से कम है। साप्ताहिक संक्रमण दर 0.63 प्रतिशत दर्ज गयी और यह पिछले 33 दिनों से एक प्रतिशत से कम है। इस बीमारी से स्वस्थ होने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 3,41,62,765 हो गयी है जबकि मृत्यु दर 1.37 फीसदी है। देशव्यापी कोविड-19 रोधी टीकाकरण अभियान के तहत अभी तक 135.99 करोड़ से अधिक खुराक दी जा चुकी है।

देश में पिछले साल सात अगस्त को संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त को 30 लाख और पांच सितंबर को 40 लाख से अधिक हो गई थी। वहीं, संक्रमण के कुल मामले 16 सितंबर को 50 लाख, 28 सितंबर को 60 लाख, 11 अक्टूबर को 70 लाख, 29 अक्टूबर को 80 लाख और 20 नवंबर को 90 लाख के पार चले गए थे। देश में 19 दिसंबर को ये मामले एक करोड़ के पार, इस साल चार मई को दो करोड़ के पार और 23 जून को तीन करोड़ के पार चले गए थे।

TeamDigital