24 घंटे में तेजी से बढ़ी कोरोना मरीजों की तादाद, अब हुए 1669 ,पढ़िए- देशभर का हाल

24 घंटे में तेजी से बढ़ी कोरोना मरीजों की तादाद, अब हुए 1669 ,पढ़िए- देशभर का हाल

नई दिल्ली। देश में पिछले 24 घंटे के अंदर कोरोना संक्रमित मरीजों की तादाद में बड़ी बढ़ोत्तरी दर्ज की गई है और अब कोरोना संक्रमित मरीजों की तादाद बढ़कर 1669 हो गई है। वहीँ कोरोना संक्रमित मरीजों की मौत का आंकड़ा 38 तक पहुँच गया है।

कोरोना संक्रमित मरीज़ो की संख्या में बढ़ोत्तरी को लेकर स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने बताया कि ‘भारतीय रेल 3.2 लाख आइसोलेशन और क्वारंटाइन बेड बनने की तैयारी कर रही है जिसके तहत 20000 डिब्बों को मॉडिफाइड करने का कार्य शुरू किया गया है, इसी के तहत 5000 डिब्बों का मॉडिफिकेशन शुरू किया जा चुका है जिसके तहत हमें 80000 नए आइसोलेशन बेड प्राप्त होंगे।’

दिल्ली के निज़ामुद्दीन में तब्लीगी जमात के कार्यक्रम में भाग लेने वाले नागपुर के 54 व्यक्तिओं की पहचान की गई है और उन्हें क्वारंटाइन में रखा गया है। वहीँ दिल्ली सरकार के मुताबिक दिल्ली में कोरोना संक्रमित पॉजिटिव मामले बढ़कर 152 हो गए हैं जिसमें से 53 पॉजिटिव मामले मरकज़ निजामुद्दीन से हैं।

दिल्ली मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल ने कहा कि ‘कोरोना के चलते 766लोग अस्पताल में भर्ती हैं। इनमें से 112पॉजिटिव हैं बाकि संदिग्ध हैं। 112में से एक वेंटिलेटर पर 2ऑक्सीजन पर बाकी 109 की स्थिति सामान्य है। मरकज़ से निकाले गए 536लोगों को अस्पताल में भर्ती और 1810लोगों को क्वारंटीन किया गया है।’

केजरीवाल ने कहा कि ‘ 120 में से 49 लोग विदेशों से आए थे और 24 लोग मरकज़ से निकले हैं। 29 कोरोना पॉजिटिव लोग विदेशों से आए लोगों के परिवार के सदस्य थे कोरोना के इस तरह के फैलाव को लोकल ट्रांसमिशन कहते हैं। कोरोना अभी कम्युनिटी ट्रांसमिशन में नहीं गया है।’

वहीँ गुजरात के डीजीपी शिवानंद झा के मुताबिक ‘गुजरात के 72 लोग लोग, जिनमें अहमदाबाद के 34, भावनगर के 20 और मेहसाणा के 12 लोग शामिल हैं ये सभी लोग दिल्ली में तब्लीगी जमात के कार्यक्रम में शामिल हुए। भावनगर के एक व्यक्ति कोरोना से संक्रमित थे उनका निधन हो गया, जबकि अन्य 71 लोग को क्वारंटाइन में रखा गया है।’

जम्मू कश्मीर के प्रमुख सचिव रोहित कंसल के मुताबिक जम्मू और कश्मीर में कोरोना संक्रमण के कुल 62 मामले हो गए हैं जिनमें से 58 सक्रिय मामले हैं। जबकि कश्मीर डिवीजन से 58 और जम्मू से 10 सक्रिय मामले सामने आए हैं। 17041 लोग निगरानी में हैं।

हरियाणा स्वास्थ्य विभाग के अनुसार ‘राज्य में कुल 29 कोरोना पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। कुल 29 मामलों में से 10 गुरुग्राम, फरीदाबाद में 6, पानीपत में 4, सिरसा में 3, पंचकूला में 2 और अंबाला, हिसार, पलवल और सोनीपत से 1 है।’

दिल्ली के तब्लीगी जमात मर्कज़ के कार्यक्रम में शामिल हुए तमिलनाडु के 1103 सदस्यों में से 658 का टेस्ट किया है। अभी तक 110 लोगों का कोरोना वायरस टेस्ट पॉजिटिव आया है। तमिलनाडु की स्वास्थ्य सचिव बीला राजेश ने कहा कि ‘हमारी अपील पर दिल्ली मर्कज़ में भाग लेने गए लोगों में से 1103 सदस्यों के स्वेच्छा से सामने आने पर हम सबका धन्यवाद करते हैं।’

वहीँ मुंबई के धारावी के एक 56-वर्षीय व्यक्ति का कोरोना वायरस टेस्ट पॉजिटिव आया है। उन्हें सायन अस्पताल में शिफ्ट किया गया है। उनके परिवार के अन्य 7सदस्यों को होम क्वारंटीन किया गया है। कल उनका भी टेस्ट किया जाएगा। जिस बिल्डिंग में वे रहते हैं, उसे सील कर दिया गया है।

उत्तर प्रदेश में एक ही दिन में दो कोरोना संक्रमित लोगों की मौत का मामला सामने आया है। मेरठ में 72 साल के बुजुर्ग ने बुधवार को दम तोड़ दिया। जिलाधिकारी ने इसकी पुष्टि की है। इससे पहले गोरखपुर में एक 25 साल के युवक की रिपोर्ट में कोरोना के कारण मौत की पुष्टि हुई है।

TeamDigital