शाहीन बाग़ प्रदर्शनकारियों से बातचीत का खाका तैयार, कल पहुँच सकते हैं मध्यस्थ

नई दिल्ली। दिल्ली के शाहीन बाग़ में पिछले दो महीने से अधिक समय से नागरिकता कानून के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे प्रदर्शनकारियों से बातचीत के लिए बुधवार को मध्यस्थ शाहीन बाग़ पहुँच सकते हैं।
सुप्रीमकोर्ट ने शाहीन बाग़ के प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर रास्ता खुलवाने के लिए मध्यस्थों की न्युक्ति की है। इनमे वरिष्ठ अधिवक्ता संजय हेगड़े और साधना रामचंद्रन शामिल हैं।
कोर्ट ने इसके लिए उन्हें एक हफ्ते का समय दिया है। अदालत ने दोनों वकीलों से कहा है कि यदि वह चाहें तो वजाहत हबीबुल्ला को अपने साथ ले सकते हैं। साथ ही अदालत ने केंद्र, दिल्ली पुलिस और सरकार को प्रदर्शनकारियों से बात करने के लिए कहा। अब अगली सुनवाई सोमवार 24 फरवरी को होगी।
सूत्रों के मुताबिक शाहीन बाग़ के प्रदर्शनकारियों से बातचीत का खाका तैयार कर लिया गया है और बुधवार को संजय हेगड़े और साधना रामचंद्रन शाहीन बाग़ पहुँच सकते हैं।
एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक वजाहत हबीबुल्ला ने कहा कि संजय हेगड़े इस मामले में मुख्य वार्ताकार हैं जिसके चलते वह और साधना एक साथ शाहीन बाग जा सकते हैं। रिपोर्ट के मुताबिक शाहीन बाग़ में प्रदर्शनकारियों से वार्ता के लिए दिल्ली पुलिस के साथ भी बातचीत की जा चुकी है।
रिपोर्ट के मुताबिक शाहीन बाग़ के प्रदर्शन के चलते रास्ता बंद होने से लोगों को क्या दिक्क्त आ सकती हैं और क्या इसका कोई और विकल्प हो सकता है जैसे विषयो पर दिल्ली पुलिस के साथ चर्चा हुई है।
फिलहाल देखना है कि यदि कल मध्यस्थ शाहीन बाग़ पहुँचते हैं तो प्रदर्शनकारियों का क्या रुख रहता है। हालाँकि प्रदर्शनकारियों ने मध्यस्थता का प्रस्ताव लिया है।