विवाहित महिला को खेत के कोठे पर बनाया बंधक, डायल100 की मदद से पहुंची अस्पताल
पांढुर्ना (गुड़डू कावले)। यहां ग्राम हरदोली में एक खेत पर बने एक कच्चे कमरे (कोठे) में विवाहित महिला को बंधक बनाने का मामला सामने आया है। इस मामले के प्रकाश में आने के बाद हरकत में आई पुलिस ने मामले को जांच में लेकर विवाहित पीड़ित महिला के बयानो के आधार पर चार युवकों के विरुद्ध पुलिस ने मामला दर्ज किया है।
जानकारी के मुताबिक विवाहित पीड़ित महिला ने अपने बयान में बताया कि 28 जून से एक जुलाई की सुबह तक वह खेत के कोठे में ही बंद रही। बुधवार की सुबह वह जैसे-तैसे भागकर मेनरोड तक आई और उसने एक राहगीर के फोन से 100 डायल से मदद मांगी।
इस घटना के संबंध में थाना प्रभारी राजेश सिंह चौहान ने बताया कि महिला कमजोरी की हालत में अस्पताल पहुंची। इलाज के बाद महिला ने बताया कि उसको चार युवकों ने बंधक बनाकर जहर पिलाने की कोशिश की।
प्रारंभिक जांच के बाद पता चला कि महिला और बनगांव निवासी आरोपी युवक बंटी उर्फ प्रकाश पिता सुकलू बुवाड़े की कुछ साल पहले मित्रता हुई थी। इसके बाद दोनों की दोस्ती इतनी बढ़ गई कि महिला ने युवक को दस हजार रूपए उधार भी दिए।
गत 28 जून को युवक बंटी की शादी बिरोली निवासी एक युवती से होने वाली थी। इस दौरान महिला ने ग्राम बनगांव और बिरोली पहुंचकर जमकर उत्पात मचाया। यहां उसने युवक के होने वाले ससुराल पक्ष से कहा कि आप अपनी बेटी की बंटी से शादी मत कराओं, हमारे पहले से ही दो बच्चे है। इसके बाद वह पांढुर्ना लौट रही थी।
इस दौरान पांढुर्ना से बनगांव की ओर जा रहे बंटी ने अपने तीन साथियों के साथ उसे कलमगांव जोड़ सड़क के पास से पकड़कर बंधक बना लिया। इस मामले में पुलिस ने बंटी बुवाड़े, दिलीप मानमोड़े, लखन कासलीकर और कमलेश फरकाड़े के खिलाफ धारा 343, 328, 511, 34 आईपीसी के तहत प्रकरण दर्ज कर मामले में जांच चल रही ही है।
