अखिलेश का दावा: जैसे जैसे चुनाव आएगा बड़ी संख्या में बीजेपी के लोग सपा में शामिल होंगे

अखिलेश का दावा: जैसे जैसे चुनाव आएगा बड़ी संख्या में बीजेपी के लोग सपा में शामिल होंगे

प्रयागराज। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज दावा किया कि जैसे जैसे विधानसभा चुनाव करीब आएगा वैसे वैसे समाजवादी पार्टी में बड़ी तादाद में लोग शामिल होंगे।

प्रयागराज में उन्होंने बीजेपी का नाम लिए बिना इशारो में कहा कि दूसरी पार्टी के लोग आज समाजवादी पार्टी में आ रहे हैं। जैसे-जैसे चुनाव आएगा आप देखेंगे जो सत्ता में 324 सीटों के साथ बैठे हैं उनके लोग भी बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी में शामिल होंगे।

वहीँ आज आये उत्तर प्रदेश सरकार के बजट को लेकर अखिलेश यादव ने ट्वीट कर इसे किसान, मजदूर, युवाओं के साथ धोखा करार दिया है। उन्होंने कहा कि पेपरलेस बजट में किसान, मज़दूर, युवा, नारी व कारोबारी, किसी के भी हाथ कुछ न आया, रह गये सबके हाथ खाली। भाजपा का ये ‘विदाई बजट’ सबको रुला गया है।”

अखिलेश यादव ने कहा कि राज्य सरकार ने जाते-जाते झूठे वादों की झड़ी लगाई है और किसानों, नौजवानों, महिलाओं तथा व्यापारियों सभी को धोखा दिया है। भाजपा के बजट से गरीबों को नहीं अमीर और उद्योगपतियों को और ज्यादा लाभ मिलेगा। बढ़ती मंहगाई पर नियंत्रण का कोई संकेत नहीं है। बजट में विकास की दिशा नदारद है।

उन्होंने कहा कि आज किसान संकट में है और वह परेशान है। डीजल और पेट्रोल की कीमत आसमान छू रही है। गन्ना किसानों के बकाया भुगतान के बारे में कोई घोषणा नहीं है। दुग्ध समितियों के 2 साल से बकाए पैसे के भुगतान का कोई प्रावधान इस बजट में नहीं है।

अखिलेश यादव ने कहा कि उन्होंने कहा इस बजट में आम आदमी को नज़रअंदाज किया गया है। इस बजट से जनता की परेशानियां कम नहीं होंगी। इससे भाजपा सरकार के खिलाफ आक्रोश भी बढ़ेगा।

TeamDigital