8 फरवरी को यूपी में सपा के लिए वोट मांगेंगी ममता बनर्जी

नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी जल्द ही उत्तर प्रदेश के चुनावी संग्राम में समाजवादी पार्टी के लिए वोट मानते हुए नज़र आएंगी। बुधवार को एक कार्यक्रम में ममता बनर्जी ने यूपी के चुनाव में समाजवादी पार्टी के लिए प्रचार करने का एलान किया।
उन्होंने कहा कि मैं उत्तर प्रदेश का चुनाव नहीं लड़ रही लेकिन 8 फरवरी को मैं अखिलेश यादव के समर्थन के लिए उत्तर प्रदेश जाऊंगी। हम कई राज्यों से चुनाव लड़ेंगे, गोवा से शुरुआत हो गई है। हमारे पास 2 साल है जिसमें हमें खुद को मज़बूत करना है ताकि हम 2024 में 42 में से 42 सीटें लेकर आए।
गौरतलब है कि तृणमूल कांग्रेस पहली बार पश्चिम बंगाल से बाहर गोवा में विधानसभा चुनाव लड़ रही है। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव में बंपर सफलता हासिल करने के बाद तृणमूल कांग्रेस ने पश्चिम बंगाल से बाहर अन्य राज्यों में भी अपने संगठन का विस्तार करने का एलान किया था।
वहीँ ममता बनर्जी के एलान पर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दिलीप घोष ने कहा कि अभी तो ये स्थिति है कि कोई उन्हें बुलाता नहीं है वो जबरदस्ती जा रही हैं, उनके जाने से कोई फर्क पड़ने वाला नहीं है। 2024 बहुत दूर है, इससे पहले बहुत पड़ाव पार करने हैं। 2024 का खेल दूसरा होगा।
शामली में समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि किसान, नौज़वान अपना भविष्य देख रहा है। उद्योग और कारखाने नहीं लग रहे हैं। जनता नकारात्मक राजनीति को ख़त्म करना चाहती है। उत्तर प्रदेश आगे बढ़े इसलिए यह चुनाव भाजपा बनाम भाईचारे का है।
अखिलेश यादव ने कहा, “ये गन्ने का क्षेत्र है और यहां किसान उम्मीद करता है कि जो सरकार बने वो गन्ने की कीमत बढ़ाए और समय पर भुगतान करे, इन्हें सपा और राष्ट्रीय लोकदल (RLD) पर भरोसा है।”
बता दें कि बुधवार को समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव और राष्ट्रीय लोकदल प्रमुख जयंत चौधरी ने शामली में रोड शो किया।