पश्चिम बंगाल में ममता आज से शुरू करेंगी बड़ा अभियान ‘द्वारे द्वारे सरकार’
कोलकाता। पश्चिम बंगाल में अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले आज राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी एक बड़ा अभियान शुरू करेंगी। इस अभियान को ‘द्वारे द्वारे सरकार’ नाम दिया गया है।
इस अभियान के तहत ममता सरकार के दस साल के कार्यकाल के दौरान किये गए काम का व्यौरा जनता तक पहुंचाया जायेगा। पश्चिम बंगाल में पिछले एक दशक से तृणमूल कांग्रेस की सरकार है। राज्य में अगले वर्ष विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में आज से शुरू हो रहे ‘द्वारे द्वारे सरकार’ अभियान को अहम कदम माना जा रहा है।
द्वारे द्वारे अभियान के तहत एक दिसंबर से 29 जनवरी तक राज्य के 344 ब्लॉकों के हर गांव और नागरिक निकाय में कम से कम चार शिविर लगाए जायेंगे। इन शिविरों के माध्यम से लोगों की समस्याओं और शिकायतों की सुनवाई होगी और इस दौरान कई विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहेंगे।
तृणमूल कांग्रेस के मुताबिक, इन शिविरों के माध्यम से मौके पर ही लोगों की समस्याओं का समाधान किया जाएगा तथा मनरेगा, जॉबकार्ड, जाति प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, हेल्थ कार्ड जैसी सुविधाएं मौके पर ही उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके लिए सरकार की तरफ से राज्य सरकार ने 3,400 केंद्रों में 6,800 से ज्यादा लोगों की तैनाती की गई है।
द्वारे द्वारे अभियान को ममता सरकार का बड़ा चुनावी दांव बताया जा रहा है। माना जा रहा है कि यह अभियान तृणमूल कांग्रेस की चुनावी रणनीति का हिस्सा है। ममता बनर्जी ने चुनाव से पहले अपने वोट बैंक को मजबूत करने के लिए यह बड़ा दांव चला है।
