ममता की भाजपा को चेतावनी: कल यही एजेंसियां आपको कान पकड़ कर बाहर खींचेंगी
कोलकाता। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आज एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी और केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर बड़ा हमला बोला। उन्होंने केंद्र पर ईडी, सीबीआई जैसी एजेंसियों के दुरूपयोग का आरोप लगाते हुए बड़ा बयान दिया है।
ममता बनर्जी ने कहा कि आज आप (भाजपा) सत्ता में हैं और अपनी केंद्रीय एजेंसियों को दिखा रहे हैं। कल जब आप सत्ता में नहीं होंगे, तो ये केंद्रीय एजेंसियां आपके आवास में प्रवेश करेंगी और आपको कान पकड़कर बाहर खींच लेंगी। वह दिन जल्द आएगा।
ममता बनर्जी इस पहले भी केंद्र सरकार पर सरकारी एजेंसियों के दुरूपयोग करने और विपक्ष के नेताओं को परेशान करने का आरोप लगाती रही हैं। ममता बनर्जी का यह बयान उस समय आया है जब उनकी पार्टी के कई नेता सीबीआई और ईडी जैसी एजेंसियों के रडार पर आ चुके हैं।
अभी हाल ही में गिरफ्तार टीएमसी नेता अनुब्रत मंडल सीबीआई की हिरासत में हैं। उन पर पशु तस्करी का आरोप है और सीबीआई अनुब्रत मंडल और उनके परिजनों व करीबियों की संपत्तियों को खंगालने में जुटी है।
जानकारी में सामने आया है कि मंडल और उनके परिजनों की वित्तीय वर्ष 2013-14 में आय करीब 12,87,696 रुपये थी. वित्तीय वर्ष 2021-22 में उनकी और उनकी परिवार की आय में एकाएक बढ़ोतरी हुई और आय लगभग 2,55,13,234 रुपये पहुंच गयी। यानि केवल नौ वर्षों में तृणमूल नेता व उनके परिजनों की आय में करीब 20 गुना वृद्धि हुई है।
