महाराष्ट्र के कांग्रेस नेताओं की दिल्ली में सोनिया गांधी से मुलाकात

महाराष्ट्र के कांग्रेस नेताओं की दिल्ली में सोनिया गांधी से मुलाकात

नई दिल्ली। महाराष्ट्र में शिवसेना और बीजेपी के बीच मुख्यमंत्री पद को लेकर फंसे पेंच के बाद राज्य की राजनैतिक तस्वीर अभी तक साफ़ नहीं हो पाई है। जहाँ शिवसेना मुख्यमंत्री पद पर अड़ी है वहीँ वह एनसीपी के सम्पर्क में भी है।

राज्य में नई सरकार का मुख्यमंत्री कौन होगा इसे लेकर अभी सस्पेंस बरकरार है। इस बीच महाराष्ट्र के कांग्रेस नेताओं ने दिल्ली पहुँच कर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात की है। इससे पहले गुरूवार को कांग्रेस नेताओं ने एनसीपी सुप्रीमो शरद पवार से भी मुलाकात की थी।

दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात करने वालो में महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बाबासाहेब थोराट, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण और पृथ्वीराज चव्हाण शामिल हैं। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मिलने से पहले महाराष्ट्र के कांग्रेस नेताओं ने कांग्रेस महासचिव वेणुगोपाल से भी मुलाकात की।

पार्टी सूत्रों के मुताबिक महाराष्ट्र से दिल्ली पहुंचे कांग्रेस नेताओं ने पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी को राज्य की राजनैतिक गतिविधियों की जानकारी दी। इस दौरान महाराष्ट्र के वर्तमान राजनैतिक हालातो को लेकर भी चर्चा हुई। सूत्रों की माने तो बैठक में महाराष्ट्र में गैर बीजेपी सरकार बनाने के लिए शिवसेना को समर्थन देने की संभावनाओं पर भी बातचीत हुई।

बैठक के बाद महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण ने मीडिया से बातचीत में कहा कि ‘भाजपा अपने सहयोगियों के साथ वादा निभाने में कामयाब नहीं रही। इसी वजह से महाराष्ट्र में राजनीतिक संकट पैदा हुआ है। हम मौजूदा परिस्थितियों पर नजर रखे हुए हैं और सही समय आने पर फैसला लेंगे।’

गौरतलब है कि महाराष्ट्र में मुख्यमंत्री पद को लेकर शिवसेना और बीजेपी के बीच पैदा हुई खाई और गहरी होती जा रही है। शिवसेना सांसद संजय राउत ने एनसीपी सुप्रीमो शरद पवार से मुलाकात कर बीजेपी को एक बड़ा सन्देश दे दिया है।

इतना ही नहीं संजय राउत ने आज कहा कि शिवसेना ने ठान लिया तो बहुमत मिल ही जाएगा। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में अगला मुख्यमंत्री शिवसेना का ही होगा।’

उन्होंने कहा कि ‘शिवसेना-भाजपा में चुनाव से पहले जो हुई थी उसी पर भाजपा आगे बढ़े। महाराष्ट्र को एक स्थिर सरकार चाहिए। महाराष्ट्र के लोगों ने 50-50 फार्मूले के आधार पर सरकार बनाने का जनादेश दिया है। वह शिवसेना का मुख्यमंत्री चाहते हैं।’

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital