सोनिया गांधी से मिले कमलनाथ, पंचायती और नगर निगम चुनावो पर हुई चर्चा
नई दिल्ली। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने आज कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात की। मुलाकात के बाद कमलनाथ ने न्यूज़ एजेंसी एएनआई को बताया कि वे कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी से मिले थे।
कमलनाथ ने कहा कि इस मुलाकात में सोनिया गांधी ने मध्य प्रदेश में होने वाले पंचायती और नगर निगम चुनावो को लेकर जानकारी मांगी और चुनावो को लेकर पार्टी की तैयारियों के बारे में पूछा।
उन्होंने कहा कि हमने विभिन्न विषयों पर चर्चा की,वो जानकारी ले रही थी कि हमारे पंचायती चुनाव और नगर पालिका चुनाव के लिए किस प्रकार तैयारियां की जा रही हैं। कमलनाथ ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष से मुलाक़ात के दौरान राज्यसभा चुनाव और कैबिनेट विस्तार को लेकर कोई चर्चा नहीं हुई।
दिल्ली विधानसभा चुनाव के उम्मीदवारों से मिलेंगी सोनिया:
वहीँ दूसरी तरफ दिल्ली के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की पराजय के बाद पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने हार के कारणों का पता लगाने के लिए और दिल्ली में कांग्रेस को फिर से खड़ा करने के लिए विधानसभा चुनाव लड़े उम्मीदवारों से मुलाकात का फैसला लिया है।
इसी क्रम में आज चांदनी चौक विधानसभा सीट पर चुनाव लड़ीं अलका लांबा ने सोनिया गांधी से मुलाकात की। गौरतलब है कि अलका लांबा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी से कांग्रेस में शामिल हुई थीं। चांदनी चौक सीट पर उम्मीदवार अलका लांबा बुरी तरह पराजित हुई थीं और वे अपनी ज़मानत तक नहीं बचा पायीं।