Live: दूसरे चरण के लिए मतदान जारी, बुलंदशहर में बीजेपी उम्मीदवार नज़रबंद
नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में देश की 95 लोकसभा सीटों पर मतदान का काम चल रहा है। कुछ जगह को छोड़कर अभी तक मतदान शांतिपूर्ण तरीके से होने की खबर है।
दूसरे चरण के तहत 13 राज्यों की 97 सीटों पर मतदान होना था, लेकिन हाल ही में आयोग द्वारा त्रिपुरा की पूर्वी त्रिपुरा और तमिलनाडु की वेल्लोर सीट पर मतदान स्थगित किये जाने के कारण गुरुवार को 11 राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश की 95 सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं।
बुलन्दशहर में बीजेपी उम्मीदवार भोला सिंह पर किसी भी बूथ पर जाने पर पाबंदी लगा दी है। जिलाधिकारी ने यह पाबंदी तब लगायी जब बीजेपी उम्मीदवार भोला सिंह ने बूथ में प्रवेश कर मतदाताओं को लुभाने की कोशिश की।
आचार संहिता का उल्लंघन करने व अन्य प्रत्याशियों की शिकायत पर बीजेपी प्रत्याशी भोला सिंह को नजरबंद करने का आदेश जारी कर दिया गया है। यह आदेश जिलाधिकारी अभय सिंह ने जारी किया है।
इस बीच कुछ राज्यों से ईवीएम ख़राब होने की शिकायतें भी सामने आयी हैं। असम, महाराष्ट्र, तमिलनाडु और कर्नाटक के कई पोलिंग बूथों पर ईवीएम में खराबी आई है। सुबह 11 बजे तक असम में 26.39 फीसदी तथा छत्तीसगढ़ में 26.2 फीसदी, बिहार में 18.97 फीसदी मतदान हुआ है।
दूसरे चरण के मतदान में पूर्व प्रधानमंत्री एच डी देवगौड़ा, द्रमुक नेता दयानिधि मारन, ए राजा, कनिमोई, महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण, जम्मू-कश्मीर के पूर्व सीएम और नेशनल कांफ्रेंस के फारूक अब्दुल्ला, उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष राजबब्बर, भाजपा की हेमा मालिनी, बसपा के दानिश अली जैसे दिग्गज चुनावी मैदान में हैं।
-श्रीनगर लोकसभा सीट पर बडगाम में 10 पोलिंग बूथों पर पत्थरबाजी होने की खबर है।
-यूपी के अमरोहा में भाजपा प्रत्याशी ने आरोप लगाया है कि बुर्का पहनकर पुरुष फेक वोटिंग कर रहे हैं।
-बंगाल की रायगंज सीट से सीपीएम उम्मीदवार मोहम्मद सलीम के वाहन पर हमला होने की खबर है।
बुलंदशहर में BJP उम्मीदवार नज़रबंद:
आज उत्तर प्रदेश की अलीगढ़, अमरोहा, बुलंदशहर, हाथरस, मथुरा, आगरा, फतेहपुर सीकरी और नगीना सीट पर भी मतदान हो रहा है। इस बीच बीजेपी के सांसद भोला सिंह को नज़रबंद कर दिया गया है। जानकारी के मुताबिक भोला सिंह मतदान केन्द्र के भीतर लोगों से मिले और उनके साथ फोटो खिंचवाई। इसके अलावा भोला सिंह ने एक बूथ पर ईवीएम के पास जाने की कोशिश में सुरक्षा कर्मी से उलझ गए थे। जिसकी सूचना जिलाधिकारी को दी गयी थी। मामले में उनको नोटिस भी जारी किया गया है।
