लालू ने नीतीश पर हमला बोला, कहा ‘बिहार में हो गया विधि व्यवस्था का अंतिम संस्कार’
पटना। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय जनता दल के नेता लालू प्रसाद यादव ने बिहार की कानून व्यवस्था को लेकर नीतीश सरकार को कटघरे में खड़ा किया है। लालू यादव ने कहा कि बिहार में विधि व्यवस्था का अंतिम संस्कार हो गया है।
उन्होंने इस संबंध में अपने सोशल मीडिया एक्स हैंडल पर पोस्ट किया। इसमें उन्होंने बिहार के अपराध से संबंधित कई आंकड़े पेश कर नीतीश कुमार के शासनकाल में प्रदेश की बिगड़ी कानून व्यवस्था की स्थिति का उल्लेख किया।
लालू प्रसाद यादव ने अपने पोस्ट में कहा, “नीतीश बताएं कि शाम पांच बजे से पहले घर में घुसकर ही कितनी हत्याएं हो रही हैं?”
उन्होंने अपने पोस्ट में आगे कहा, “क्या नीतीश जानते, पहचानते और समझते हैं कि उनके शासनकाल में आधिकारिक आंकड़ों में 65,000 हत्याएं हुई हैं? 65,000 लोगों की हत्याएं हुई हैं 65,000!”
आरजेडी प्रमुख ने कहा, “नीतीश-बीजेपी ने विधि व्यवस्था का दम ही नहीं निकाला, बल्कि उसका अंतिम संस्कार भी कर दिया है। बिहार में इतनी भ्रष्ट, लापरवाह और कामचोर पुलिस कभी भी, कभी भी नहीं रही।”
