झारखंड में गठबंधन सरकार का दावा पेश, जल्द पौरोल पर बाहर आ सकते हैं लालू

नई दिल्ली। झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता हेमंत सोरेन ने आज कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी से दिल्ली में मुलाकात कर उन्हें शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने का न्यौता देंगे।
इससे पहले झारखंड में नई सरकार के गठन के लिए मंगलवार की रात हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया। इसमें झारखंड मुक्ति मोर्चा, कांग्रेस, राजद और झारखंड विकास मोर्चा के 50 विधायकों के समर्थन की बात कही गई है।
इस मौके पर उनके साथ झामुमो प्रमुख शिबू सोरेन, कांग्रेस के झारखंड प्रभारी आरपीएन सिंह, राजद नेता तेजस्वी यादव और कांग्रेस हाईकमान द्वारा नियुक्त केन्द्रीय पर्यवेक्षक टीएस सिंहदेव भी उपस्थित थे।
राज्यपाल ने हेमंत सोरेन को शपथ ग्रहण के लिए 29 दिसंबर की अपराह्र एक बजे का समय दिया है और समारोह का आयोजन रांची के मोरहाबादी के मैदान में होगा।
झारखंड विधानसभा चुनाव में झारखंड मुक्ति मोर्चा को 30 सीटें जबकि सहयोगी कांग्रेस को 16 और राष्ट्रीय जनता दल को एक सीट मिली है। वहीँ झारखंड विकास मोर्चा को तीन, कम्यूनिस्ट पार्टी (एमएल) को एक, एनसीपी को एक जबकि निर्दलीयों के खाते में दो सीटें गईं हैं।
वहीँ झारखंड में नई सरकार के गठन की तैयारियां शुरू हो गईं हैं। माना जा रहा है कि राज्य में नई सरकार बनने के बाद राष्ट्रीय जनता दल सुप्रीमो लालू यादव को पैरोल पर रिहाई मिल सकती है। चारा घोटाले के चार मामलों के सजायाफ्ता रांची के बिरसा मुंडा जेल में बंद हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक लालू यादव को पैरोल पर जल्द रिहाई मिल सकती है। लालू यादव ख़राब सेहत के चलते रांची के रिम्स में अपना इलाज करा रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स की माने तो झारखंड में नई सरकार के गठन के बाद लालू यादव को पैरोल दिया जा सकता है।