महाकाल के दर्शन के बाद कमलनाथ ने फूंका उपचुनाव का बिगुल

महाकाल के दर्शन के बाद कमलनाथ ने फूंका उपचुनाव का बिगुल

उज्जैन। मध्य प्रदेश में भले ही उपचुनावों का एलान नहीं हुआ है लेकिन कांग्रेस और बीजेपी चुनावी मोड में आ चुके हैं। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने आज उज्जैन में महाकाल के दर्शन कर चुनावी बिगुल फूँक दिया है। 2018 के विधानसभा चुनाव में भी कमलनाथ ने महाकाल के आशीर्वाद के बाद पार्टी का प्रचार अभियान शुरू किया था।

आज उज्जैन पहुंचे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने बाबा महाकाल का अभिषेक पूजन कर लोकतंत्र बचाओ अभियान की शुरूआत की और जनादेश की पुनर्स्थापना का आशीर्वाद मांगा। उन्होंने कहा कि बाबा महाकाल उपचुनावों में न्याय, धर्म और ईमानदारी को विजय दिलायेंगे।

कमलनाथ ने कहा कि मध्य प्रदेश की जनता जानती है कांग्रेस सरकार गिराने के लिए मध्य प्रदेश में क्या-क्या गद्दारी हुई है और क्या सौदा हुआ। जनता जानती है कि हमारी सरकार में किस पटरी पर मध्यप्रदेश आगे चल रहा था किस तरह से मध्य प्रदेश को नई दिशा मिली थी। विकास को गति मिली थी। उन्होंने कहा कि सब जनता के सामने है।

इस दौरान कमलनाथ ने मीडिया से संक्षिप्त बातचीत की। ज्योतिरादित्य के टाइगर अभी ज़िंदा है वाले बयान को लेकर पूछे गए सवाल के जबाव में कमलनाथ ने कहा कि, ‘कौन टाइगर कौन बिल्ली है और कौन चूहा है, जनता सब जानती है। वो कभी टाइगर बन जाते हैं। कभी यह बन जाते हैं कभी वह बन जाते हैं। इसका मतलब असली बात जनता तक नहीं जा पा रही। टाइगर कहकर गुमराह किया जा रहा है लेकिन जनता समझदार है। कौन टाइगर है, कौन हाथी है, कौन बिल्ली है, कौन चूहा है, ये सब जनता के सामने है।

गौरतलब है कि 2018 के विधानसभा चुनाव में उज्जैन विधानसभा सीट से कांग्रेस के टिकिट पर राज्यवर्धन दत्तीगांव रिकॉर्ड वोटों से जीते थे लेकिन वे ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ बीजेपी में शामिल हो गए।

कमलनाथ उज्जैन से धार जाएंगे। वे धार विधानसभा के बदनावर से अपने चुनाव प्रचार अभियान का आगाज करेंगे। प्रदेश कांग्रेस सूत्रों की माने तो इस बार कमलनाथ अपने कार्यालय में नहीं बल्कि चुनावभर घूम घूम कर प्रचार करेंगे। सूत्रों के मुताबिक पार्टी के दो वरिष्ठ नेता कमलनाथ और दिग्विजय सिंह ने चुनाव अभियान के लिए मोर्चा संभाल लिया है।

TeamDigital