कोरोना से केरल में पहली मौत, देश में मरीजों की संख्या हुई 900 के पार

कोरोना से केरल में पहली मौत, देश में मरीजों की संख्या हुई 900 के पार

नई दिल्ली। कोरोना वायरस के बढ़ते प्रकोप के बीच केरल में कोरोना संक्रमित एक व्यक्ति की मौत होने की खबर है। केरल में किसी कोरोना संक्रमित की यह पहली मौत है।

केरल के कोच्चि मेडिकल कॉलेज में एक 69 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई है। मृत शख्स कोरोना पॉजिटिव पाया गया था, जिसके बाद उन्हें कोच्चि मेडिकल कॉलेज में इलाज के लिए भर्ती कराया गया था। हालांकि शनिवार दोपहर उनकी मौत हो गई। जिला मेडिकल अधिकारी ने खुद इस बात की पुष्टि की है।

देश में कोरोना संक्रमण से अबतक 20 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीँ कोरोना संक्रमित मरीजों की तादाद 900 के पार पहुँच चुकी है। कोरोना के प्रकोप को देखते हुए राज्यों में व्यापक तैयारियां चल रही हैं।

केरल में क्रिश्चियन समुदाय समेत सभी धार्मिक नेताओं ने लोगों से अपने घरो में रहने की अपील की है। उन्होंने एक ज्वाइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस कर लोगों से कहा है कि कोरोना वायरस पर लगाम लगाने के लिए जरूरी है कि वो अपने घरों में रहें। इसलिए फिलहाल किसी भी धार्मिक केंद्र में लोगों के घुसने की इजाजत नहीं होगी।

भारत में कोरोना संक्रमितों की संख्या काफी तेजी से फैल रही है। पिछले 24 घंटों में 149 नए कोरोना पॉजिटिव केस सामने आए हैं। इस तरह कोरोना पॉजिटिव मरीजों की कुल संख्या 873 हो गयी है। इनमें 20 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 80 के करीब लोगों को ठीक भी किया गया है।

इससे पहले शुक्रवार को सिर्फ केरल में ही कोरोना के 39 पॉजिटिव मरीज पाए गए। प्रधानमंत्री मोदी ने इस वायरस से लड़ने के लिए लॉकडाउन का ऐलान किया था। आज लॉकडाउन का चौथा दिन है।

लॉकडाउन के बीच शनिवार को दिल्ली गाजीपुर इलाके में भारी भीड़ दिखाई दे रही है। दरअसल दिल्ली-उत्तर प्रदेश बॉर्डर पर भारी संख्या में लोग जमा हो गए हैं। ये सभी अपने-अपने घरों को लौट रहे थे लेकिन पुलिसवालों ने उन्हें बाहर निकलने से रोक दिया है।

अपने गृह राज्यों को वापस लौट रहे मजदूरों की परेशानी को देखते हुए योगी सरकार ने एक बड़ा फैसला लिया है। पलायन कर दूसरे राज्यों में रह रहे सभी मजदूरों को अपने घरों तक पहुंचाने के लिए 1000 बसें चलाई जा रही हैं। सभी बस ड्राइवर, कंडक्टर को शुक्रवार रात इस बात की जानकारी देते हुए जरूरी इंतजाम करने का आदेश जारी किया गया है।

गुजरात में छह नए कोरोना पॉजिटिव केस सामने आए हैं. यानी कुल मिलाकर राज्य में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 53 हो गई है। इस संबध में स्वास्थ्य विभाग की प्रिंसिपल सेक्रेटरी जयंती रवि ने कहा, ‘छह और लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं. इस तरह अब राज्य में कुल कोरोना संक्रमित 53 हो गए हैं।

TeamDigital