पहलगाम आतंकी हमले के विरोध में कश्मीर के अखबारों ने पहले पन्ने को रखा ब्लैक
नई दिल्ली। कश्मीर के पहलगाम शहर के निकट मशहूर पर्यटन स्थल बैसरन में मंगलवार को हुए नृशंस आतंकवादी हमले के विरोध में बुधवार को कश्मीर के अधिकतर अखबारों ने अपना पहला पन्ना काला रखा। इस हमले में 26 लोग मारे गए थे, जिनमें अधिकतर पर्यटक थे।
हमले के विरोध में अधिकतर अखबारों ने सफेद या लाल रंग में प्रभावी शीर्षक दिए तथा एकजुटता और दुःख का सार्वजनिक प्रदर्शन किया, जो इस अमानवीय कृत्य पर निवासियों और मीडिया द्वारा महसूस किए गए सामूहिक दुःख का प्रतीक था।
‘ग्रेटर कश्मीर’, ‘राइजिंग कश्मीर’, ‘कश्मीर उजमा’, ‘आफ़ताब’ और ‘तैमील इरशाद’ सहित प्रमुख अंग्रेजी एवं उर्दू के दैनिकों द्वारा अपने अपने प्रारूप में किया गया यह बदलाव दशकों से इस क्षेत्र में व्याप्त हिंसा की एक याद दिलाता है।
प्रमुख अंग्रेजी दैनिक ‘ग्रेटर कश्मीर’ ने काले लेआउट पर सफेद रंग में शीर्षक दिया, ‘‘ग्रुसम: कश्मीर गटेड, कश्मीरीज ग्रीविंग’’ (भयावह: कश्मीर तबाह, कश्मीरी शोक में हैं)’’। उसके बाद लाल रंग में उपशीर्षक दिया गया ‘‘26 किल्ड इन डेडली टेरर अटैक इन पहलगाम’’ (पहलगाम में घातक आतंकवादी हमले में 26 लोग मारे गए)।
अखबार के पहले पन्ने पर संपादकीय का शीर्षक था, ‘‘द मैसकर इन द मेडो – प्रोटेक्ट कश्मीर्स सोल’’ (घास के मैदान में नरसंहार – कश्मीर की आत्मा की रक्षा करें)।
