तब्लीगी जमात की तारीफ़ करने पर सरकार ने आईएएस अधिकारी को दिया नोटिस
नई दिल्ली। कोरोना संक्रमण से निपटने के लिए तब्लीगी जमात के लोगों द्वारा प्लाज़्मा डोनेट किये जाने को लेकर एक आईएएस अफसर द्वारा तब्लीगी जमात की तारीफ़ किया जाना कर्नाटक सरकार को रास नहीं आया और तारीफ़ करने वाले आईएएस अधिकारी को नोटिस भेजकर जबाव तलब किया है।
दरअसल आईएएस अधिकारी मोहम्मद मोहसिन ने प्लाज्मा डोनेट करने वाले तबलीगी जमात के सदस्यों को लेकर ट्वीट किया था, जिसमें उन्होंने तबलीगी सदस्यों को हीरो बताया है।
मोहम्मद मोहसिन ने लिखा था, ‘तबलीगी जमात के 300 से ज्यादा लोगों ने प्लाज्मा डोनेट किया. मीडिया कहां है? ये लोग इन हीरो की कहानियां नहीं दिखाएंगे, जिन्होंने मानवता का काम किया है।’
कर्नाटक सरकार द्वारा दिए गए नोटिस में आईएएस अधिकारी के ट्वीट का हवाला देते हुए कहा गया है कि क्यों न इसे आल इंडिया सर्विस रूल 1968 के रूल नंबर 7 का उल्लंघन माना जाए और आपके खिलाफ आल इंडिया सर्विस रूल 1969(डिसीप्लेन एन्ड अपील) के तहत कार्रवाही अमल में लाई जाए।
गौरतलब है कि कोरोना संक्रमण के उपचार के लिए प्लाज़्मा थेरेपी को बेहतर माना गया है। निजामुद्दीन मर्कज़ मामले के बाद हज़ारो की तादाद में तब्लीगी जमात से जुड़े लोगों का कोरोना टेस्ट कराया गया और कोरोना संक्रमित पाए गए जमात के लोगों को देश के विभिन्न अस्पतालों में आइसोलेशन में रखा गया। इस दौरान तब्लीगी जमात के लोगों ने कोरोना संक्रमित लोगों के इलाज के लिए प्लाज़्मा डोनेट किये।
